Agra News: लंदन की गोरी मेम ने की फेसबुक पर दोस्ती कर लाखों की ठगी, महंगे गिफ्ट लेकर आने का किया था वादा

Crime

आगरा। लंदन की युवती ने आगरा में पांच सितारा होटल कर्मचारी से फेसबुक पर दोस्ती कर दो लाख 21 हजार की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक माह पूर्व हुई थी दोस्ती

आगरा के होटल क्लार्क शिराज में काम करने वाले राजेश कुमार राजपूत ने बताया की उनकी फेसबुक पर जेसिका जेम्स नाम से लंदन निवासी महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। दोनों के बीच दोस्ती हो गई और काफी बात होने लगी। महिला ने उसे प्रपोज किया और वो भी उसके प्यार में फंस गया।

महंगे गिफ्ट लेकर आने का किया वादा

पीड़ित ने बताया की लंदन की महिला ने भारत भ्रमण पर आने की बात कही थी। इसके बाद महिला ने उन्हें कुछ सामान जैसे आईफोन, घड़ी आदि सामान की तस्वीरें भेजी और उन्हें गिफ्ट देने को कहा। इसके बाद उसने अपना टिकट और वीजा की फोटो भेजी। और जल्द मुलाकात का वायदा किया।

मुंबई एयरपोर्ट से किया फोन

पीड़ित ने बताया की विदेशी महिला ने कुछ दिन बाद फोन किया और खुद के मुंबई एयरपोर्ट पर होने की बात कही। जेसिका ने बताया की उसे विदेशी मुद्रा भारतीय रुपयों में कनवर्ट करने के लिए फीस के रूप में पहले साढ़े पैंतालीस हजार रुपए जमा करने हैं। उसने कस्टम आफिसर बताकर एक अमित कुमार नामक व्यक्ति के खाते की डिटेल भेजी। पीड़ित ने उस खाते में ट्रांसफर करवाए और फिर महिला ने अलग अलग बहाने से साढ़े पिछत्तर हजार और 1 लाख रुपए खाते में डलवाए। पीड़ित द्वारा दो लाख इक्कीस हजार देने के बाद महिला का फोन बंद हो गया। मैसेज करने पर महिला ने नंबर ब्लॉक कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर थाना सदर पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।