Agra News: कांग्रेस मेयर प्रत्याशी के चुनावी कार्यालय का हुआ उद्घाटन, हवन कर मांगा जीत का आशीर्वाद

स्थानीय समाचार

आगरा: अपने चुनाव प्रचार में तेजी लाने के लिए कांग्रेस मेयर प्रत्याशी लता कुमारी ने अपने चुनावी कार्यालय का शुभारंभ कर दिया। कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ने अपना चुनावी कार्यालय शहर कांग्रेस कार्यालय को बनाया है जो एमजी रोड कलेक्टरेट के निकट है। सोमवार को कांग्रेस मेयर प्रत्याशी लता कुमारी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू के साथ मिलकर चुनावी कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद कार्यालय में हवन भी किया गया। कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ने विधि विधान के साथ हवन किया और प्रभु से जीत का आशीर्वाद मांगा।

इस दौरान कांग्रेस मेयर प्रत्याशी लता कुमारी पत्रकारों से रूबरू हुई। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने अपनी जीत के आंकड़े सभी के सामने रखे और जीत के प्रति आश्वस्त दिखाई दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कैडर 100 वार्डों पर है और कांग्रेस कार्यकर्ता जी जान से जुटा हुआ है। वर्तमान सरकार के झूठे वायदे और भ्रष्टाचार से लोग त्रस्त है और यही उनकी जीत का आधार है। उन्होंने कहा कि पिछले मेयर ने सिर्फ अपने लोगों तक विकास को समेटे रखा जिसका खामियाजा दलित बस्ती के लोग उठा रहे हैं जो विकास के लिए तरस रहे हैं।

कांग्रेस मेयर प्रत्याशी लता कुमारी ने कहा कि अगर शहर की जनता का उन्हें प्यार मिलता है तो पूरे शहर का संपूर्ण विकास कराया जाएगा। पेयजल व्यवस्था सुद्रण बनाई जाएगी। निगम के जो स्कूल होंगे उन्हें दुरुस्त बनाकर उन्हें शुरू कराया जाएगा जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लोग अपने बच्चों को पढ़ा सके।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू भी मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने भी दो टूक शब्दों में दावा करते हुए कहा कि आगरा की मेयर सीट इस बार कांग्रेस की होगी। कांग्रेस को आम जनमानस का भरपूर समर्थन मिल रहा है। जो वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियां हैं उनसे जनता परेशान है। इसीलिए कांग्रेस की ओर जनता रुख कर रही है। इस बार सारे रिकॉर्ड टूटेंगे और कांग्रेस की मेयर बनेगी।

उनके यह दावे उस समय किए गए जब कांग्रेस पार्टी की स्थिति कुछ ज्यादा खास नहीं है लेकिन शहर अध्यक्ष को भरोसा है कि कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाएगी।