Agra News: तेज रफ्तार बाइक ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, कई सवारियां गंभीर रूप से घायल

Crime

आगरा: रकाबगंज थाना क्षेत्र के चीलघर चौराहे के पास तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर से ई रिक्शा में बैठे लगभग आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए जिनमें से एक की हालत बहुत ज्यादा गंभीर बनी हुई है। घायल अवस्था में सभी लोगों को आगरा के जिला अस्पताल में लाया गया। जानकारी के मुताबिक जिस बाइक से टक्कर हुई वह पुलिसकर्मी की थी। वही उसे चला रहा था। यह जानकर लोगों में और आक्रोश फैल गया। जिला अस्पताल में भारी संख्या में सभी लोगों के तीमारदार पहुंच गए और जमकर हंगामा काटा। पुलिस भी बैकफुट पर नजर आई लेकिन मामले को शांत और रफा-दफा करने में जुटी रही।

गमी में संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे

जानकारी के मुताबिक नगला प्रसूति सेवला जाट के एक परिवार के लोग बिजलीघर चक्की पाठ पर एक रिश्तेदारी में हुई गमी में फिरने के लिए जा रहे थे। उन्होंने घर के पास से ई रिक्शा किया था। ई रिक्शा रकाबगंज थाना क्षेत्र के चील घर से गुजर रहा था तभी तेज गति से आई बाइक ने जोर से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसके नीचे पांच लोग दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

लोगों में मची चीख पुकार

जैसे ही सड़क पर यह हादसा हुआ चारों चीख पुकार मच गई। वहां मौजूद लोग और राहगीर लोगों को बचाने के लिए दौड़े। उन्होंने तुरंत ई रिक्शा को खड़ा कराया और गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। इस पूरी घटना में महादेवी बिन्नू, अन्नू, बबीता, आशा और ज्योति गंभीर रूप से घायल हुई। वही जिस बाइक ने टक्कर मारी थी उस बाइक सवार को पकड़ लिया।

पुलिस कर्मी की थी बाइक

जानकारी के मुताबिक जिस बाइक ने ई रिक्शा में जोरदार टक्कर मारी थी वह एक पुलिसकर्मी की है। बाइक पर पुलिस का सिंबल चस्पा है। साथ ही बाइक के नंबर भी गायब हैं। लोगों को पता चला की बाइक किसी पुलिसकर्मी की है तो लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला अस्पताल में पहुंचे मरीजों के तीमारदारों ने भी जमकर हंगामा काटा। मामला गंभीर होने पर भारी संख्या में पुलिस बाल भी जिला अस्पताल पहुंच गया और मामले को शांत करने में लग रहा।

घायलों के परिजन आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी कहने लगे अरे पहले घायलों का अच्छे से इलाज कराइए उन्हें अच्छे अस्पताल में ले जाइए, मुकदमा तो होता रहेगा। आरोपी के खिलाफ कार्यवाही भी हो जाएगी। ऐसा लग रहा था कि पुलिस इस मामले को बड़ी हल्के में ले रही है और आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही हो।

Compiled: up18 News