Agra News: तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि, फसलों में भारी नुकसान की आशंका

स्थानीय समाचार

आगरा जनपद में मंगलवार की शाम मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। जिसके चलते किसानों की फसलों में भारी नुकसान की आशंका जताई गई है। लगभग एक सप्ताह पूर्व भी बरसात के साथ ओलावृष्टि हुई थी जिससे किसानों की फसलों में भारी नुकसान हुआ था।

खेतो में पडे आलू, सरसों के साथ साथ गेहूं की फसलों पर फिर एक बार मंगलवार की शाम कुदरत का कहर बरपा। क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व होली त्योहार पर हुई अचानक बारिश एवं ओलावृष्टि से किसान अभी उभरे भी नहीं थे कि एक बार फिर आज मंगलवार शाम को तेज आंधी के साथ बारिश ओलावृष्टि हुई जिसके चलते ब्लॉक पिनाहट क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवो में फसलों में भारी नुकसान की आशंका जताई गई है।

बारिश और ओलावृष्टि के चलते किसानों की फसलें बर्बाद होने के कगार पर हैं जिसके चलते किसान कर्ज के तले डूबेगा। आज हुई ओलावृष्टि के बाद किसान खासे चिंतित दिखे। पिछले एक सप्ताह में दूसरी बार हुई बारिश के चलते किसान बर्बादी के कगार पर आ गया है और उसकी फसल जमीन पर पूरी तरह से बिछ गयी।

इन गांव में हुआ भारी नुकसान

पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि से गांव मनसूखपुरा,तासौड, सुख भानपुरा, पापरी नागर, रेहा, टीकट पुरा, गढ़ का पुरा, बरैण्डा, तासोड, बडापुरा, अनिरुध्द पुरा, कुरकियनपुरा सहित दो दर्जन गांव में तेज आंधी के साथ बरसात और ओलावृष्टि हुई। वहीँ पिनाहट कस्बा के साथ साथ, विप्रावली स्याहीपुरा, दलईपुरा, पिढौरा, नाहर सिंह का पूरा, नगला दलेल, जोधपुरा में रुक रूक कर बारिश होती रही जिससे किसान भारी परेशान दिखे।

किसानों की माने तो इस बारिश से सरसों, आलू, गेहूं की फसल के भारी नुकसान होने की आशंका है। ज्यादातर आलू की फसल की खुदाई नहीं हो पायी है। अब उसकी खुदाई लेट हो जायेगी। सरसों की फसल का दाना खेत में झड जायेगा। गेहूं जमीन पर गिर जायेगा। चिंतित किसानों ने शासन प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।