Agra News: मेट्रो ट्रेन परियोजना के लिए कार्य करने वाली कंपनी पर दो माह से वेतन नहीं देने का आरोप, शिकायत लेकर थाने पहुंचे कर्मचारी

स्थानीय समाचार

आगरा: मेट्रो ट्रेन परियोजना के लिए कार्य करने वाली कंपनी पर मजदूरों और स्टाफ द्वारा दो महीने से वेतन न देने का आरोप लगा है। इस शिकायत को लेकर सभी मजदूर और कर्मचारी थाना हरीपर्वत पहुंचे।

उनका कहना है कि दो महीने से उन्हें वेतन नहीं दिया गया। जब भी वेतन के लिए कहते हैं, तो हमारे साथ बदतमीजी की जाती है। देश के कई जिलों से यहां पर काम करने आए हैं। अगर हमें खाना नहीं मिलेगा पैसा नहीं मिलेगा, तो फिर हम काम क्यों करेंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार के सीएम योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना में शामिल आगरा मेट्रो परियोजना का कार्य बड़ी तेजी से चल रहा है। मेट्रो बनाने में दिल्ली की कंपनी आईपेक्स इन्फ्राट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड भी काम कर रही है। इस कंपनी में हजारों की संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं। कंपनी में कार्य कर रहे करीब 30 से 35 मजदूर और कर्मचारी शनिवार शाम थाना हरीपर्वत पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से आईपेक्स कंपनी की शिकायत की।

कर्मचारियों ने कहा कि कंपनी के अधिकारियों ने करीब दो महीने से उन्हें वेतन नहीं दिया है। जिसकी वजह से उनका जीवनयापन मुश्किल हो गया है। वहीं वह लोग अपने घर वालों को पैसे तक नहीं भेज पा रहे हैं। उनका कहना है कि कंपनी के अधिकारियों से कई बार जब इस मामले में बात की गई। तो एक-दो दिन का आश्वासन दिया जाता है। लेकिन अभी तक उन्हें वेतन नहीं मिला। ज्यादा कहने पर कंपनी के अधिकारी उनसे हर दर्जे की बदतमीजी करते हैं।

कंपनी के कर्मचारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि पैसे के लिए कई बार प्रोजेक्ट मैनेजर को शिकायत की गई है। लेकिन उन्होंने कोई आश्वासन नहीं दिया। हमारे साथ बदतमीजी भी की। जिसकी शिकायत उन्होंने थाना हरी पर्वत में की। उन्होंने बताया कि दो दिन से कंपनी ने किसी को खाना भी नहीं दिया।

मेट्रो की असिस्टेंट मैनेजर पब्लिक रिलेशन गौरी शुक्ला ने बताया कि उनकी जानकारी में यह मामला नहीं था। वह पूरे मामले की जांच करा रही हैं। जांच पड़ताल के बाद जो भी आवश्यक कदम होंगे, वह उठाए जाएंगे। किसी भी कर्मचारी व मजदूर को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।