Agra News: जनवरी में फिर ढाई माह के लिए बंद होगा ईदगाह-खेरिया आरओबी

स्थानीय समाचार

आगरा: रेल मंडल की टीम 15 जनवरी से ईदगाह-खेरिया रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) को एक बार फिर करीब ढाई माह के लिए बंद करने जा रही है। इस बार इस आरओबी की मरम्मत के दौरान तीन से चार गर्डर बदले जाएंगे। ये गार्डर साठ साल पुराने हो गए हैं और एक गर्डर में जंग लग गई है। आरओबी को बंद रखने के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।

गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग की टीम ने इसी साल ईदगाह-खेरिया आरओबी की मरम्मत की थी। करीब डेढ़ माह तक आरओबी बंद रहा था। इस आरओबी से हर दिन एक से दो लाख वाहन गुजरते हैं। भारतीय खाद्य निगम के गोदाम से ट्रकों की भी निकासी होती है।

मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली-आगरा रेल खंड में बना यह आरओबी 60 साल पुराना है। ट्रैक के ठीक ऊपर तीन से चार गर्डर हैं। इस खंड में हर दिन 500 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है। आठ माह पूर्व रेलवे की टीम ने गर्डर की जांच की थी जिस पर इनकी मरम्मत का प्रस्ताव तैयार हुआ था। यह कार्य नवंबर से शुरू होना था, लेकिन अब यह कार्य 15 जनवरी से चालू होगा। इसे लेकर मंगलवार से रेलवे की टीम ने सर्वे शुरू कर दिया। टीम कम समय में गर्डर को बदलना चाहती है। इससे लोगों को कम से कम दिक्कत होगी।

Compiled: up18 News