आगरा: फाउंड्री नगर में फर्नीचर के गोदाम में आग, लाखों का माल जलकर राख, पांच घंटे में 15 दमकलों ने बमुश्किल पाया काबू

स्थानीय समाचार

आगरा: थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के सती नगर निवासी धर्म सिंह जादौन की रूद्र फर्नीचर के नाम से फैक्ट्री है। पास में ही गोदाम है। यह सब फाउंड्री नगर में है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते ही गोदाम के अंदर से लपटें उठने लगीं। आग के विकराल होते ही पड़ोस के लोगों में हड़कंप मच गया। सब घर से बाहर की ओर भागे।

इसके बाद धर्म सिंह को जानकारी दी। धर्म सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। जानकारी पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं। वहां देखा तो आग काफी तेज थी। इसके बाद अन्य गाड़ियां बुलाई गईं। 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिर करीब पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।

बताया जा रहा है कि आग का कारण शॉर्ट स​र्किट रहा। आग लगने के बाद इमारत गिरने लगी। इसका काफी हिस्सा ढह गया। बताया जा रहा है कि आग से लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया।