Agra News: डीपीएस के छात्र ने दी साथी को धमकी, शाहगंज थाने में पिता के माफी मांगने पर हुआ समझौता

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के प्रतिष्ठित स्कूलों में छात्रों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और दबंगई के मामले लगातार गहराते जा रहे हैं। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), शास्त्रीपुरम के एक छात्र द्वारा दूसरे छात्र को इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी देने का मामला पुलिस थाने तक पहुँच गया। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी में आरोपी छात्र के पिता द्वारा लिखित माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती न होने के आश्वासन के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

इंस्टाग्राम पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

ताज़ा मामला ताज प्रेस क्लब के सचिव और वरिष्ठ पत्रकार पीयूष शर्मा के पुत्र से जुड़ा है। पीयूष शर्मा के अनुसार, उनका बेटा सेंट पॉल्स स्कूल में कक्षा आठ का छात्र है। वहीं, धमकी देने वाला छात्र पहले उनके बेटे के साथ ही पढ़ता था, लेकिन अब उसने डीपीएस शास्त्रीपुरम में दाखिला ले लिया है। दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर साझा की गई किसी पोस्ट को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद डीपीएस के छात्र ने खतरनाक धमकी दे डाली।

अवसाद में आ गया था पीड़ित छात्र

धमकी मिलने के बाद पीयूष शर्मा का पुत्र गहरे अवसाद (Depression) में चला गया था। जब उसने पूरी बात अपने पिता को बताई, तो मामला थाना शाहगंज पहुँचा। प्रेस क्लब के सचिव के परिवार के साथ हुई इस घटना से पत्रकारिता जगत में भी भारी आक्रोश देखा गया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने इस गंभीर मुद्दे से डीसीपी सिटी को अवगत कराया।

थाने में हुआ समझौता

पुलिस की सक्रियता के बाद दोनों पक्षों को थाना शाहगंज बुलाया गया। आरोपी छात्र की उम्र और भविष्य को देखते हुए, उसके पिता द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और अपने पुत्र के व्यवहार में सुधार लाने के वादे पर पीयूष शर्मा ने अपनी शिकायत वापस ले ली।

स्कूलों के माहौल पर उठते सवाल

गौरतलब है कि मात्र तीन दिन पूर्व डीपीएस शास्त्रीपुरम परिसर में ही एक छात्र ने दूसरे के चार दांत तोड़ दिए थे। बैक-टू-बैक हुई इन घटनाओं ने अभिभावकों और समाज को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि नई पीढ़ी के व्यवहार में यह हिंसक बदलाव क्यों आ रहा है। क्या इसके लिए आधुनिक जीवनशैली, सोशल मीडिया या पारिवारिक संस्कारों में कमी जिम्मेदार है? यह शहर के लिए एक गंभीर और ज्वलंत प्रश्न बन गया है।