Agra News: बंद घर में फंदे पर लटकी मिली लाश, परिजनों ने जताया हत्या का शक

Crime

आगरा: थाना ताजगंज के कुआंखेड़ा गांव में शुक्रवार शाम जब कुछ बच्चे क्रिकेट की गेंद लेने बंद घर में घुसे तो उन्होंने फंदे पर लटकी लाश देखी। डर कर भागे बच्चों ने इसकी सूचना गांव वालों को दी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। लाश दो दिन से लापता राजमिस्त्री की थी।

परिजनों ने हत्या का शक जताया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। गांव कुआंखेड़ा निवासी पवन कुमार मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि बड़े भाई बबलू राजमिस्त्री थे। बुधवार शाम को घर से निकले थे। इसके बाद से लापता थे। पहले लग रहा था कि वे रिश्तेदारी में गए होंगे। मगर, दूसरे दिन भी लौटे नहीं। इस पर चिंता हुई।

शुक्रवार दोपहर को गांव के रास्ते पर बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। तभी गेंद बंद घर के परिसर में चली गई। कुछ बच्चे गेंद लेने के लिए दीवार फांदकर घर के अंदर कूदे। बरामदे में लगे लोहे के जाल से रस्सी के फंदे में शव लटका दिखा, तो उन्होंने गांव वालों को सूचना दी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। मृतक के परिजन भी आ गए। परिजन ने हत्या की आशंका जाहिर की।

थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिजन के शक जताने पर कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।

दूसरी ओर परिजनों का कहना था कि बबलू के पैर जमीन से छू रहे थे। जाल से रस्सी बंधी थी। अगर, उन्होंने फांसी लगाई तो जमीन पर पैर कैसे थे। आरोप लगाया कि हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फांसी पर लटकाया गया है।