Agra News: अराजक तत्वों ने की यमुना आरती स्थल पर तोड़फोड़, पुलिस बूथ की हालत देख अधिकारी भी रह गए हैरान

स्थानीय समाचार

आगरा: यमुना किनारा रोड पर पुलिस बूथ के सामने बने एत्माउद्दौला व्यू प्वाइंट जिसे यमुना आरती स्थल भी कहा जाता है, को अराजक तत्वों ने तोड़कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। प्रदेश के आला अधिकारियों और मंत्रियों तक को ट्वीट किए जाने के बाद मौके पर आई पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच के आदेश दिए हैं। वहीं व्यू प्वाइंट के सामने बने पुलिस बूथ को देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए हैं। पुलिसकर्मियों के न बैठने के चलते लोगों ने विसर्जन का सामान बूथ में रखना शुरू कर दिया है और शराबी यहां बैठकर जाम छलका रहे हैं।

शहर की मुख्य सड़कों में से एक यमुना किनारा रोड पर एसीपी कार्यालय और बेलनगंज चौकी से मात्र 50 मीटर की दूरी पर यमुना आरती स्थल को क्षतिग्रस्त करने की घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। आरती करने वाले पंडित जुगल श्रोत्रिय का कहना है की आगरा के यमुना प्रेमियों की संस्था रिवर कनेक्ट के द्वारा अभियान चलाने के बाद यमुना किनारा रोड पर एत्माउद्दौला व्यू प्वाइंट बनाया गया था। यहां बीते कई वर्षों से सुबह शाम अनवरत यमुना आरती की जाती है।

मकरसंक्रांति पर आगरा के सभी समाजसेवी और जनप्रतिनिधि यहां आकर पतंग उड़ाते हैं। बरसात के मौसम में यमुना का खूबसूरत नजारा देखने के लिए यहां चौपाटी बन जाती है और ताजमहल आने वाले ज्यादातर पर्यटक इसी मार्ग से ताजमहल देखने जाते हैं। इसके बाद ऐसी घटना हो जाना बहुत ही निंदनीय है।