Agra News: फतेहपुर सीकरी में कार चालक की दबंगई, स्कूटी सवार को टक्कर मारने के बाद एक किमी तक घसीटा, आरोपी फरार

Crime

फतेहपुर सीकरी (आगरा): जनपद के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में गुरुवार की शाम रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ एक बेकाबू कार ने मानवता को शर्मसार कर दिया। यहाँ एक कार चालक ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी कार के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गई, लेकिन इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और स्कूटी को करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया।

​क्या है पूरा मामला?

घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे गुलिस्ता टूरिस्ट पार्किंग के निकट घटित हुई। गांव सीकरी चार हिस्सा के मोहल्ला उचियापाड़ा निवासी 32 वर्षीय समुद्र सिंह पुत्र हरी सिंह बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि समुद्र सिंह सड़क के दूसरी ओर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

​लोगों ने किया पीछा तो छोड़कर भागा चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के सड़क पर गिरने के बाद भी कार चालक ने स्कूटी को कार में फंसाए रखा और उसे करीब एक किलोमीटर तक घसीटता रहा। स्थानीय लोगों ने जब इस खौफनाक मंजर को देखा, तो उन्होंने फौरन कार का पीछा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों और राहगीरों के आक्रोशित होकर पीछा करने पर चालक घबरा गया और पशु चिकित्सालय परिसर के निकट कार लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया।

​पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और घायल के परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। लहूलुहान अवस्था में मिले समुद्र सिंह को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में इस घटना के बाद से काफी रोष व्याप्त है।