Agra News: तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार महिला को टक्कर मारकर हवा में उछाला, गंभीर घायल, विडियो हुआ वायरल

Crime

आगरा: तेज रफ्तार कार ने एक एक्टिवा सवार महिला को टक्कर मारकर हवा में उछाल दिया, जिससे महिला घायल हो गई। आस-पास के लोग परिजनों को सूचना देकर महिला को नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने हाथ में फ्रेक्चर बताया। घटना थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में 15 मई का है। वीडियो आज रविवार की सुबह सामने आया।

आवास विकास कॉलोनी की रहने वाली महिला मधुरानी 15 मई को भारतीय जीवन बीमा निगम के कार्यालय में किस्त जमा करने गई थी। वापस लौटते समय रास्ते में एक कट पर यूटर्न ले रही थी, तभी दूसरी तरफ से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला उछलकर दूर जा गिरी।

पीड़ित महिला मधुरानी ने बताया कि टक्कर लगने के बाद काफी देर तक उनकी आंखों के आगे अंधेरा सा छा गया। आस-पास के लोगों ने उन्हें उठाया। भीड़ जुटने के बाद कार चालक रुक गया था। थोड़ी देर बाद वह पास आया। मैं दर्द से कराह रही थी। लोगों ने कार चालक से कहा कि इलाज के लिए अपनी कार में अस्पताल ले चलो। मगर, कार चालक उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाए वहां से भाग गया। जिसके बाद लोग पास के अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने एक हाथ में फ्रैक्चर बताया, जबकि दूसरे सूजन है। महिला के बेटे मृदुल ने थाना जगदीशपुरा में रविवार सुबह तहरीर दी।