Agra News: 21 झांकियां और 15 तोरण द्वार, शमशाबाद रोड पर 27 अप्रैल को दिखेगा भगवान परशुराम शोभायात्रा का अलौकिक वैभव

विविध

आगरा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के त्रेतायुगीन अवतार भगवान परशुराम की जयंती को इस वर्ष आगरा में अभूतपूर्व भव्यता देने की तैयारी पूर्ण हो चुकी है। रविवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल रजनी गेस्ट हाउस में ‘भगवान परशुराम शोभायात्रा आयोजन एवं क्षेत्रीय विकास समिति’ की महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक संपन्न हुई। बैठक में न केवल आगामी 27 अप्रैल को निकलने वाली शोभायात्रा की रूपरेखा तैयार की गई, बल्कि संगठन को मजबूती देने के लिए नई टीम की घोषणा भी की गई।

​27 अप्रैल को सजेगा भक्ति का कारवां

समिति के मार्गदर्शक भानुप्रताप रावत ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ 27 अप्रैल को इन्द्रा पुरम (शमशाबाद रोड) स्थित भगवान परशुराम मंदिर आश्रम से होगा। इस बार यात्रा को ‘भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक’ बनाने के लिए 21 आकर्षक झांकियां, 4 सजी-धजी बग्गियां और 2 बैंड शामिल किए गए हैं। पूरे मार्ग को 15 भव्य तोरण द्वारों से सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।

​निर्धारित शोभायात्रा मार्ग:

शोभायात्रा आश्रम से शुरू होकर नेहरू एनक्लेव, कहरई मोड़, राजपुर चुंगी और बैंक कॉलोनी जैसे प्रमुख क्षेत्रों से गुजरते हुए पुनः आश्रम पर ही विश्राम लेगी। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत मंचों के जरिए भक्तों का अभिनंदन किया जाएगा।

नई कार्यकारिणी की कमान: जितेंद्र दुबे बने अध्यक्ष

संगठन को नई ऊर्जा देने के लिए मार्गदर्शक रामेश्वर रावत ने 20 प्रमुख पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। नव-नियुक्त टीम ने सर्वसम्मति से आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

अध्यक्ष जितेन्द्र दुबे, ​संयोजक भोला पंडित, महामंत्री अजय शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश शर्मा, यूथ संयोजक विशाल शर्मा, ​अन्य पदाधिकारी, सनी उपाध्याय, दीपक चहर, विशाल उपाध्याय, विक्रांत पाराशर और अनिल तिवारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

​प्रबुद्ध जनों की गरिमामयी उपस्थिति

बैठक में पार्षद नितेश भारद्वाज, सुधीर शर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा, वीके रावत, एनके रावत, हरिओम शर्मा, डॉ. श्रीराम शर्मा और राजकुमार उपाध्याय सहित समाज के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगा।