आगरा: संदिग्ध परिस्थितियों में घर के आंगन में मिला नव विवाहिता का शव, ससुरालियों पर हत्या का आरोप

Crime

आगरा। थाना शमशाबाद क्षेत्र के जारौली गांव में घर के आंगन में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नव विवाहिता का शव मिला। मृतका के गले और हाथ पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तो वहीं मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक थाना शमशाबाद क्षेत्र के जारौली गांव में अमर सिंह के पुत्र करतार सिंह की शादी 6 माह पूर्व रजनी से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। गुरुवार देर रात्रि थाना शमशाबाद पुलिस को जारौली गांव में महिला की मौत की खबर मिली। पुलिस को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव घर के आंगन में पड़ा मिला था।

पुलिस के मुताबिक मृतका के गले और हाथ पर चोट के निशान बताए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर चार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना अध्यक्ष शमशाबाद राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नवविवाहिता की मौत के बाद ससुराली फरार हैं। परिजनों की तहरीर पर मृतका के पति करतार सिंह पुत्र अमर सिंह, जेठ भोलाराम पुत्र अमर सिंह, जेठानी उषा देवी पत्नी भोलाराम और चचिया ससुर वासुदेव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।