आगरा/फतेहपुर सीकरी। मेहंदीपुर बालाजी से लौटते वक्त हाइवे से पांच किलोमीटर अन्दर जाकर ग्राम सुपहरा में पहुंचे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नहर की टेल पर निरीक्षण किया और पानी की उपलब्धता देखी। इस मौके पर राजस्थान सीमा से सटे असिंचित क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंत्री से क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था के लिये मांग की। जिस पर मंत्री ने शीघ्र ही कार्य योजना बनाने के लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये।
बताते चलें कि शनिवार सांय साढे पांच बजे मेंहदीपुर बालाजी से आगरा लौटते वक्त भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एंव जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला सीकरी के ग्राम सुपहरा में एफएस ब्रांच नहर की माइनर पर पहुंच गया। जलशक्ति मंत्री ने मौजूद ग्रामीणों से नहरो में पानी की उपलब्धता की जानकारी ली तथा यहां पर उगाई जाने वाली फसलों के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान साथ रहे भारतीय उद्योग व्यापार मंडल आगरा इकाई के महामंत्री मुकेश कुमार गर्ग से भी स्वतंत्र देव सिंह ने चर्चा की।
स्वतंत्र देव सिंह ने सिंचाई विभाग द्वारा लगाये गये एफएस ब्रांच के मानचित्र का अवलोकन किया। इस दौरान ग्रामीण राजस्थान सीमा से सटे ग्राम औलेण्डा, नगला देविया, नगला मानसिंह, नगला मठ, नगला दयौनारी, नगला फार्म, नगला जग्गे, नगला हरवक्स, नगला दधिराम के किसानों द्वारा जलशक्ति मंत्री को बताया गया कि उनका क्षेत्र असिंचित है और वहां पर निरंतर जलस्तर गिर रहा है। जिसके चलते सिंचाई व पेयजल के लिये भारी समस्या का सामना करना पड रहा हैं। इसके लिये क्षेत्र में पानी की उपलब्धता कराये जाने की मांग की। जिस पर जलशक्ति मंत्री द्वारा उक्त क्षेत्र में जलउपलब्धता के लिये कार्य योजना बनाये जाने के लिये सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
जलशक्ति मंत्री के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, चौ. रामेश्वर सिंह, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि गुडडू चाहर, हेमेन्द्र तिवारी, बंटी सिसौदिया, महेश प्रधान, प्रताप सिंह, लाखन प्रधान, शिवप्रसाद प्रधान आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
-एजेंसी