आगरा: हिंदूवादी संगठन ने एक्टिवा से मांस ले जा रहे युवक को पकड़ लगाई धुनाई, गौकशी का आरोप, काटा हंगामा

Crime

आगरा: अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने सुबह एक गौ तस्कर को गौ मांस के साथ पकड़ लिया। सूचना पर पहुंचे हिंदूवादी नेताओं ने गौ तस्कर की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना से खेरिया मोड़ रोड पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गौ तस्कर को हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि गौ तस्कर से मांस भी बरामद हुआ जिसे गौ मांस बताया गया है।

अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि सूचना मिली थी कि खेरिया मोड़ क्षेत्र में लगातार गौ मांस की तस्करी हो रही है। आज सटीक सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई तो सलमान नाम के युवक को मांस के साथ पकड़ा गया। उनका दावा है कि युवक के पास जो मांस मिला है वह गौ मांस है। आरोपी सलमान पहले भी गौ तस्करी में जेल जा चुका है।

आरोपी सलमान एक्टिवा से मांस को ले जा रहा था। उस पर कोई नंबर नही था। बताया जाता है कि आरोपी सलमान बिना नंबर की गाड़ियों का प्रयोग मांस को लाने और ले जाने के लिए करता है जो मांस बरामद हुआ है उसे गौ मांस बताया जा रहा है।

हिंदूवादी संगठनों का आरोप है कि लगातार इस क्षेत्र में गोकशी बढ़ने की सूचना पुलिस को दी जाती रही है लेकिन पुलिस इस मामले में कोई उचित कार्यवाही नहीं करती जिससे गोकशी के मामले बढ़ रहे हैं। अगर इन पर किसी भी तरह का अंकुश नहीं लगा तो प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा।

हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में गोकशी न रोकने के विरोध में सरायख्वाजा चौकी इंचार्ज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका कहना है कि जल्दी अगर सरायख्वाजा चौकी इंचार्ज को नहीं हटाया गया तो उनके खिलाफ भी मोर्चा खोला जाएगा क्योंकि उनकी जानकारी में होने के बावजूद क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गौकशी हो रही है।