आगरा: खुशहाल परिवार दिवस पर  समझाई परिवार नियोजन की महत्ता

स्थानीय समाचार

बास्केट ऑफ च्वॉइस के माध्यम से दिए गए परिवार नियोजन के अस्थाई साधन

आगरा: परिवार नियोजन के प्रति समुदाय में जागरुकता लाने के लिए  जनपद की सभी शहरी और ग्रामीण 74 स्वास्थ्य इकाइयों पर सोमवार को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया। हर माह की 21 तारीख को इसका आयोजन किया जाता है | इस अवसर पर बास्केट ऑफ च्वॉइस के माध्यम से लक्षित दंपति को परिवार नियोजन के अस्थाई साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थाई साधनों को अपनाने के लिये प्रेरित किया जाता है। हर माह की 21 तारीख को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम से लोगों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।

सीएमओ ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर लक्षित दंपति को अस्थाई साधनों व परिवार नियोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर  उनको परिवार नियोजन के फायदे भी बताए गए।

परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर ऐसी महिलाएं जिनका प्रसव विगत एक वर्ष में हुआ है और वह उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली (एचआरपी) की श्रेणी में रही हैं, नव विवाहित दम्पति जिनका विवाह विगत एक वर्ष में हुआ हो ,योग्य दंपत्ति जिनके तीन या उससे अधिक बच्चे हों, ऐसे लोगों को परिवार नियोजन के साधन अपनाने के बारे में जागरूक किया गया.

डीपीएम कुलदीप भारद्वाज ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर कोविड-19 प्रोटोकाल के पालन का ध्यान रखा गया। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर आने वाले दम्पति व अन्य लोगों को परिवार नियोजन के साधनों के बारे जानकारी देते हुए उन्हें परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने के लिये प्रेरित किया गया।  खुशहाल परिवार दिवस पर परिवार नियोजन के बास्केट ऑफ च्वाइस , स्थायी व अस्थायी साधनों की जानकारी, भ्रांतियों को दूर करने, सेवाओं की उपलब्धता ,स्वीकार्यता ,प्रोत्साहन राशि की जानकारी भी दी गई

जीवनी मंडी स्वास्थ्य केंद्र पर खुशहाल परिवार दिवस में आई बॉबी ने बताया कि वह अंतरा इंजेक्शन की तीन डोज  ले चुकी हैं उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं हुई है। वह  अब खुशहाली का जीवन व्यतीत कर रही हैं

लाभार्थी पूनम ने बताया कि वह अब तक माला एन गोली का प्रयोग कर रहीं थीं,  लेकिन खुशहाल परिवार दिवस में उन्हें अंतरा इंजेक्शन के बारे में पता चला है अब वह अपने घर पर सलाह मशविरा करने के बाद इसे लगवाएंगी।

-up18 News