आगरा: पूर्व प्रधान पर बंदरों के झुंड ने बोला हमला, बचने के चक्कर में छत से गिरे, अस्पताल में भर्ती

स्थानीय समाचार

आगरा: दुकान की छत पर आतंक मचा रहे बंदरों के झुंड को भगाने गए पूर्व प्रधान पर बंदर ने हमला बोल दिया। बंदरों के हमले से बचने के चक्कर में वह छत से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गये। परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार पूर्व प्रधान अशोक कुमार निवासी गांव बिजौली की कस्बा बाह के बाजार में पशु अस्पताल के सामने दुकान बनी हुई है। दुकान की छत पर बंदरों का झुंड आतंक मचा रहा था। जिस पर पूर्व प्रधान छत पर चढ़कर बंदरों को भगाने के लिए गए थे। भारी संख्या में एकत्रित बंदरों को भगाते समय झुंड से एक खूंखार बंदर ने उन पर हमला बोल दिया। जिससे पूर्व प्रधान दुकान की छत से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए।

आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण एकत्रित हो गए उन्होंने तत्काल पूर्व प्रधान व्यक्ति को इलाज के लिए सीएचसी केंद्र बाह में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया मगर हाथ की हड्डी टूटने के कारण गंभीर अवस्था में बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर आगरा के लिए रेफर कर दिया।

बाह कस्बा क्षेत्र में बंदरों का भारी आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पूर्व में भी बंदर लोगों पर हमला कर चुके हैं जिसमें जान भी जा चुकी है। ग्रामीणों ने बंदरों को भगाने की मांग की है।