आगरा। शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 31वीं पुण्यतिथि मनाई गई। मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता हाजी जमील उद्दीन कुरैशी ने कहा कि स्व. राजीव ने हमेशा देश में आपसी प्रेम भाईचारे और धर्म निरपेक्षता के पक्षधर रहे। उन्होंने हमेशा सर्वधर्म समभाव के लिए कार्य करके देश को आगे बढ़ाने के लिए कार्य किए थे।
शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू ने कहा कि आज जिस प्रकार से आरएसएस भाजपा की सरकार पूरे देश में युवाओं को महंगाई का शिकार बनाकर उन्हें हिंसा के मार्ग पर धकेल रही हैं। वह देश के लोकतंत्र और संविधान को समाप्त करने जैसा निंदनीय कृत्य है।
शहर अध्यक्ष देवेंद्र चिल्लू ने कहा कि राजीव गांधी ने हमेशा बुद्ध, नानक, कबीर और गांधी के सपनों के देश की बात की थी, जिसमें कि देश में शांति, भाईचारा, प्रेम और अमन चैन कायम रखने के साथ साथ युवाओं को रोजगार, आर्थिक रूप मजबूत बनाने, और कम्प्यूटर, मोबाइल जैसी औद्योगिक क्रांति के माध्यम से देश को 21वीं सदी में ले जाने का कार्य किया था।
विचार गोष्ठी में पूर्व पार्षद अशोक शर्मा, चौधरी लक्ष्मी नारायण सिंह, जलाल उद्दीन एडवोकेट, विनोद जरारी, रेहान अहमद, महेंद्र सिंह तिलक, दिलीप वर्मा, हबीब कुरैशी, आई डी श्रीवास्तव, राजेन्द्र सोनकर, याकूब शेख, मिथिलेश, अनिल कुमार सिंह, सोनू अग्रवाल आदि कांग्रेस जनों ने अपने विचार व्यक्त किए।