आगरा: न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित श्री सर्वतोभद्र जिनालय में शुक्रवार को मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में नवग्रह विधान का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रातःकाल धार्मिक क्रियाओं का आरंभ भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ श्रीजी का अभिषेक कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं सर्वकल्याण की मंगल कामना की।
इसके पश्चात पंडित आशुतोष जैन शास्त्री के कुशल मार्गदर्शन में संगीतमय नवग्रह विधान आयोजित हुआ। भक्ति संगीत और मधुर भजनों की स्वर लहरियों के मध्य भक्तों ने अष्ट द्रव्यों के साथ विधि-विधान पूर्वक भगवान की पूजा-अर्चना कर अर्घ्य अर्पित किए। विधान के विविध धार्मिक अनुष्ठानों में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
भजनों की मधुर धुनों, ढोल-मंजीरों की झंकार और धार्मिक जयकारों से समूचा जिनालय परिसर भक्ति के रंग में रंग गया। श्रद्धालु भावविभोर होकर प्रभु की आराधना में लीन दिखाई दिए।
चरण प्रक्षालन, शास्त्र भेंट और मुनिश्री का मंगल प्रवचन
विधान के दौरान सौभाग्यशाली श्रद्धालुओं को मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज के पावन चरणों का प्रक्षालन करने का अवसर मिला। भक्तों ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मुनिश्री के चरणों में शास्त्र भेंट कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपने जीवन को धर्ममय बनाने के साथ संयम और सदाचार के पथ पर अग्रसर होने का संकल्प भी लिया।
मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में धर्म, संयम, अहिंसा और आत्मकल्याण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में सदाचार, सात्विकता और श्रेष्ठ विचारों को स्थान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब उनके माध्यम से हमारे आचरण में सकारात्मक परिवर्तन आए और हम सभी प्राणियों के प्रति करुणा एवं मैत्री की भावना रखें। मुनिश्री ने श्रद्धालुओं को आत्मचिंतन करते हुए धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सर्वकल्याण की भावना के साथ आयोजन, इनकी रही मौजूदगी
नवग्रह विधान के माध्यम से भक्तों ने समस्त जीवों के कल्याण, परिवार में सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि तथा विश्व में मंगल व शांति स्थापित होने की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रांगण में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस धार्मिक आयोजन में रजत जैन, पंकज जैन, राजीव जैन बैंक, नीरज जैन, वीरेन्द्र शास्त्री, सुरेन्द्र पाड़या, पारसमल जैन, सत्येंद्र जैन, शुभम जैन, बबिता जैन, खुशबू जैन, मधु जैन कंसल और स्नेहलता जैन सहित श्री सर्वतोभद्र जिनालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।


