बजरंग पुनिया के बाद विनेश फोगाट ने लौटाया पुरस्कार, कर्तव्य पथ पर छोड़ा खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार

बजरंग पुनिया के बाद दिग्गज ​महिला पहलवान विनेश फोगाट ने लौटाया पुरस्कार, कर्तव्य पथ पर छोड़ा खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार

SPORTS

नई दिल्ली। देश की दिग्गज ​महिला पहलवान विनेश फोगाट ने शनिवार को अपना खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार वापस कर दिया है। बीते 26 दिसंबर को उन्होंने अपना पुरस्कार लौटाने का एलान किया था। शनिवार को प्रधानमंत्री कार्यालय के बाहर कर्तव्य पथ पर उन्होंने अपना खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार को रख दिया है।

इस दौरान पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास भी किया। इसे बाद में पुलिस ने उठा लिया। पहलवान बजरंग पूनिया ने इस पूरे वाकये का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि, यह दिन किसी खिलाड़ी के जीवन में न आए। देश की महिला पहलवान सबसे बुरे दौर से गुज़र रही हैं।

विनेश और उनके साथी प्रधानमंत्री कार्यालय जाना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। उसके बाद विनेश ने कर्तव्य पथ पर अपने पुरस्कारों को रख दिया। बता दें कि, इससे पहले बजरंग पुनिया ने अपना पद्म श्री लौटाया था।

साक्षी मलिक ने लिया था संन्यास

बता दें कि, भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव 21 दिसंबर को हुए थे। इसमें संजय सिंह को अध्यक्ष चुना गया था। संजय सिंह पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण के बेहद करीबी हैं। लिहाजा, पहलवानों ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। इसके साथ ही साक्षी मलिक ने संन्यास का एलान कर दिया था।

-एजेंसी