मुंबई: बॉलीवुड की चकाचौंध में जहां सितारे अपने पर्सनल शेफ और इंपोर्टेड डाइट प्लान्स के लिए जाने जाते हैं, वहीं अभिनेत्री अदाह शर्मा ने अपनी सादगी से एक नई मिसाल पेश की है। अदाह अपनी फिटनेस के लिए किसी महंगे सप्लीमेंट पर नहीं, बल्कि प्रकृति और शुद्ध देसी खाने पर भरोसा करती हैं। उनकी जीवनशैली न केवल स्वास्थ्यवर्धक है, बल्कि पर्यावरण के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी दर्शाती है।
सोलर कुकर में पकता है ‘स्टारडम’
अदाह शर्मा का कुकिंग स्टाइल बेहद अनोखा और ईको-फ्रेंडली है। वह अपनी छत (टेरेस) पर सोलर कुकर का इस्तेमाल करती हैं, जहां सूरज की रोशनी से उनका खाना धीरे-धीरे और पोषण बरकरार रखते हुए पकता है। एक शुद्ध शाकाहारी होने के नाते वह बाहरी खाने के बजाय घर के बने ताजे खाने को प्राथमिकता देती हैं।
सिंपल थाली, सुपर फिटनेस
अदाह की थाली में आपको कोई विदेशी डिश नहीं, बल्कि पारंपरिक दाल, चावल और ताजी सब्जियां मिलेंगी। उन्हें मटर से खास लगाव है, जो उनके लिए प्रोटीन का मुख्य स्रोत है। अदाह का मानना है कि ‘क्लीन ईटिंग’ और घर का खाना ही उनकी फिटनेस का असली आधार है। उनकी यह फूड फिलॉसफी बताती है कि एक बड़ा स्टार होने के बावजूद आप अपनी जड़ों और प्रकृति से जुड़े रह सकते हैं।
महंगे ग्लो को मात देती सादगी
अदाह का नेचुरल ग्लो किसी ब्यूटी ट्रीटमेंट का नहीं, बल्कि संतुलित आहार और प्रकृति के साथ उनके जुड़ाव का नतीजा है। सरल जीवन और स्मार्ट चॉइसेज—यही अदाह शर्मा का वो मंत्र है जो उन्हें आज की पीढ़ी के लिए एक बेहतरीन रोल मॉडल बनाता है।
-अनिल बेदाग

