अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावे में कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच बागेश्वर धाम के प्रमुख आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर संतों और श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर चंदे को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी।
’चढ़ावा चोरी महापाप है, कानून पर रखें भरोसा’
पत्रकारों से बातचीत करते हुए आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि चढ़ावा चोरी करना महज पाप नहीं, बल्कि ‘महापाप’ है और ईश्वर इसके लिए दोषियों को निश्चित दंड देंगे। उन्होंने जांच प्रक्रिया पर जोर देते हुए कहा, “देश की कानून-व्यवस्था और एसआईटी (SIT) पर हम सबको पूरा भरोसा करना चाहिए। जांच चल रही है और मुझे यकीन है कि देश का कानून दोषियों को बख्शेगा नहीं, सभी आरोपियों को दंड मिलेगा।”
’कलयुग से ज्यादा छलयुग का समय’
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वर्तमान समय को ‘कलयुग’ से भी भयावह बताते हुए इसे ‘छलयुग’ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि इस छलयुग में हर व्यक्ति को सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में संतों, मठों और मंदिरों के प्रति लोगों की श्रद्धा को घटाने और आस्था को गिराने के लिए एक सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है।
’कालनेमि लोगों से रहें सतर्क’
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस पूरे षड्यंत्र में कुछ ‘कालनेमि’ लोग सक्रिय हो गए हैं, जो धर्मस्थलों की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने यह पाप (चढ़ावा चोरी) किया है, उन्हें कानून, आयकर विभाग (IT) और सरकार तो दंड देगी ही, साथ ही भगवान भी उन्हें उनके कर्मों की सजा देंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे ऐसे षड्यंत्रकारी तत्वों से सतर्क रहें और अपनी आस्था बनाए रखें।


