आगरा: महिला से अभद्रता करने का किया विरोध, दबंगों पर मारपीट व गोली मारने का आरोप

Crime

आगरा। दबंग द्वारा महिला से अभद्र व्यवहार करने का विरोध करने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। दबंग पक्ष के लोगों ने मंदिर पुजारी के परिजनों के साथ लाठी डंडों से जमकर मारपीट की जिसमें परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। परिजनों ने दबंगों पर बचाने आये युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार जय प्रकाश गोस्वामी निवासी बटेश्वर थाना बाह तीर्थ धाम बटेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी है। आरोप है कि मंगलवार की शाम को पुत्रवधू आरती देवी मंदिर आई थी। मंदिर से लौटते समय दबंग अजीत पक्ष के लोगों ने महिला का पीछा करते हुए अभद्र व्यवहार किया।

महिला किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को मामले से अवगत कराया। जिस पर परिजनों विरोध किया। अजीत पक्ष से मामले की शिकायत की जिसे लेकर कहासुनी हुई और दबंग अजीत पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे व हथियार से पुजारी के परिवार पर हमला बोल दिया। जमकर मारपीट की गई जिसमें पीड़ित परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मारपीट में युवक सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिवार के लोगों ने दबंगों द्वारा युवक को गोली मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल सूरज कुमार, सहित चोटिल हुए राजेश, सूर्यकांत, सुनील, मिथुन, सुनीता देवी को सीएचसी केंद्र बाह में इलाज को भर्ती कराया। चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों का उपचार किया गया। सूरज के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर आगरा के लिए रेफर कर दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने अवैध हथियार से गोली चलाई जिससे युवक सूरज के सिर को छूकर गोली निकल गई। जिससे वह गंभीर घायल हो गया है। दबंग लोग पूर्व में भी घटना कर चुके हैं जिससे परिवार दहशत में है। शिकायत यात्रा पत्र के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

इसी संदर्भ में थाना प्रभारी संजीव कुमार शर्मा का कहना है कि दोनों पक्षों में पूर्व से झगड़ा चला रहा है। कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बाद झगड़ा मारपीट हुई है। गोली चलने की कोई घटना नहीं हुई है। फिर भी पूरे मामले की जांच की जा रही है। सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।