एबीवीपी आगरा ने किया छात्रा सम्मेलन का आयोजन, दिया नारी सशक्तिकरण का संदेश

स्थानीय समाचार

आगरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) आगरा महानगर द्वारा छात्रा सम्मेलन का आयोजन डॉ भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर के जेपी सभागार में किया गया। जिसमें स्वावलंबी भारत में छात्राओं की भूमिका विषय पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में छात्राओं को महिलाओं को दिए गए अधिकारों को लेकर जागरूक करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, प्रांत उपाध्यक्ष प्रो. मनु प्रताप, प्रांत मंत्री गौरी दुबे, महानगर अध्यक्ष बी के अग्रवाल, महानगर मंत्री तान्या और विनीता द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती व युवाओं के प्रेरणास्त्रोत स्वामी विवेकानंद के समक्ष दीप प्रज्वलित कर हुआ।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुश्किल आने पर सीधा पुलिस से संपर्क करें और छात्राएं अपने को किसी से कमजोर नहीं समझें। आज महिलाएं विश्व में भारत का नाम रोशन कर रही हैं।

विशिष्ट अतिथि महिला उद्यमी रंजना बंसल ने सभी छात्राओं का मार्गदर्शक करते हुए उनको व्यवसाय के क्षेत्र में जानकारी दी। अपने अनुभवों को उनके साथ साझा किया। वहीँ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्य प्रयासों को सराहते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद पूरे देश में एक अलग पहचान के साथ कार्य कर रहा है। एबीवीपी के युवा देश की दिशा और दशा को तय कर रहे हैं।

मुख्य वक्ता अभाविप की प्रान्त मंत्री गौरी दुबे ने कहा कि स्त्री यदि चाहे तो अपनी शक्ति और मार्गदर्शन से इतिहास को भी परिवर्तित कर सकती हैं। आज के समय में महिलाओं ने समाज जीवन के हर क्षेत्र में एक अलग पहचान स्थापित की है। सेना, राजनीति, व्यवसाय हर क्षेत्र में महिलाएं आगे हैं।

कार्यक्रम में महिला उत्थान पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रियंका तिवारी, विश्वविद्यालय महिला सेल प्रभारी प्रो विनीता सिंह, प्रान्त मेडिविजन प्रमुख डॉ सिमरन उपाध्याय, उद्यान विभाग के निदेशक कौशल कुमार नीरज, छात्र अधिष्ठाता मो अरशद, डॉ अनुपम सक्सेना ने अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन आशी चौधरी, दिया धाकण ने किया। इस कार्यक्रम में ईशा धाकड़, टीना बघेल, मधु सदन विधि गुप्ता, प्रिया, भावना, कुमकुम, दीक्षा, शालू गुप्ता, पारुल शिरोमणि, विभाग संगठन मंत्री नितिन माहेश्वरी एवं बड़ी संख्या में छात्रा एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।