धनतेरस पर देशभर में रिकॉर्ड 1.25 लाख करोड़ रुपये का कारोबार; अकेले सोना-चांदी की बिक्री 66 हजार करोड़ के पार

Business

​नई दिल्ली। दीपोत्सव के पावन अवसर पर धनतेरस के दिन देशभर के बाजारों में खरीदारी का अभूतपूर्व उत्साह और रिकॉर्ड तोड़ कारोबार देखने को मिला। सोना-चांदी, आभूषण, कार, दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू उपकरण और पूजा सामग्री की जबरदस्त मांग ने देश की खुदरा अर्थव्यवस्था को एक नई संजीवनी प्रदान की है।

कारोबारियों के अग्रणी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, इस साल धनतेरस पर देशभर में लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपये का कुल व्यापार हुआ, जिसमें अकेले सोने और चांदी की खरीदारी का हिस्सा 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक दर्ज किया गया।

बाजारों में लौटी रौनक, सर्राफा बाजार में जबरदस्त उत्साह

​CAIT के अनुसार, देश के प्रमुख महानगरों से लेकर छोटे शहरों और ग्रामीण बाजारों तक ग्राहकों का हुजूम बना रहा। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि धनतेरस पर हुई यह रिकॉर्ड तोड़ खरीदारी भारतीय खुदरा बाजार की अंदरूनी मजबूती और पारंपरिक व्यापारिक ढांचे में आम जनता के गहरे विश्वास को दर्शाती है।

​सोने की कीमतें पिछले वर्ष की तुलना में भले ही ऊंची थीं, लेकिन हाल के दिनों में आई कीमतों की गिरावट ने ग्राहकों को खरीदारी के लिए आकर्षित किया। शुक्रवार को भारतीय बाजार में सोने की कीमत लगभग 1,41,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर रही। सप्ताह की शुरुआत में यह गिरकर 1,37,863 रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ गई थी, जो 24 मार्च के बाद का सबसे निचला स्तर था।

ऑल इंडिया जेम्स एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल (AIJGF) के अनुसार, 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक की आभूषण बिक्री में ग्राहकों ने भारी-भरकम गहनों की जगह हल्के वजन की ज्वैलरी, सोने-चांदी के सिक्कों और पूजन सामग्रियों को ज्यादा प्राथमिकता दी।

ऑटोमोबाइल सेक्टर में गाड़ियों की बंपर डिलीवरी

धनतेरस का दिन ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए भी बेहद शानदार साबित हुआ। वाहनों की डिलीवरी के लिए शोरूम्स पर ग्राहकों का तांता लगा रहा।

मारुति सुजुकी ने धनतेरस के दिन लगभग 30 हजार वाहनों की डिलीवरी का लक्ष्य हासिल किया। वहीं टाटा मोटर्स (पैसेंजर व्हीकल्स) ने 12 हजार से अधिक गाड़ियों की आपूर्ति का अनुमान जताया। ​हुंडई मोटर इंडिया भी पीछे नही रही उसने भी धनतेरस व दीपावली के दौरान कुल 16 हजार वाहनों की डिलीवरी तय की।

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के अध्यक्ष साई गिरिधर के अनुसार, दोपहिया, चारपहिया और वाणिज्यिक (कमर्शियल) वाहनों की सभी श्रेणियों में मांग काफी मजबूत रही, हालांकि कुछ इलेक्ट्रिक वाहनों की सप्लाई चेन में हल्का दबाव देखा गया।

​इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज में भी छाई रंगत

सर्राफा और ऑटोमोबाइल के अलावा स्मार्टफोन्स, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी, होम अप्लायंसेज, किचनवेयर, बर्तन और सजावटी सामान की बिक्री भी अपने चरम पर रही।

कारोबारियों का कहना है कि इस बार टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी ग्राहकों की सक्रियता बेहद उत्साहजनक रही, जिससे छोटे और मध्यम व्यापारियों को बड़ा लाभ पहुंचा है।
​कुल मिलाकर, धनतेरस की इस रिकॉर्ड खरीदारी ने दीपावली से ठीक पहले देश के आर्थिक और व्यापारिक माहौल को पूरी तरह सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया है।