आगरा (कमला नगर): ताजनगरी के कर्मयोगी कमला नगर स्थित निषाद चौक (वार्ड 87) पर रविवार को निषाद समाज की आस्था और गौरव का ऐतिहासिक संगम देखने को मिला। निषाद युवा मोर्चा संगठन द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में महाराज निषादराज की विशाल प्रतिमा का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया और जय निषादराज के नारों से गूंज उठा।
दिग्गज जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य बी.आर. शर्मा के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं विधायक छोटेलाल वर्मा, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधान परिषद सदस्य (MLC) विजय शिवहरे, पार्षद कंचन बंसल, पार्षद अमित अग्रवाल पारुल और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
निषादराज: सामाजिक समरसता के पुरोधा
प्रतिमा का अनावरण करते हुए विधायक छोटेलाल वर्मा ने कहा कि महाराज निषादराज त्याग और सच्ची मित्रता के प्रतीक थे। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने रामायण के ‘केवट प्रसंग’ का उल्लेख करते हुए बताया कि निषादराज और प्रभु श्रीराम का प्रेम सामाजिक समरसता का विश्व में सबसे बड़ा उदाहरण है। वहीं, विजय शिवहरे ने समाज को शिक्षा के जरिए आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया और राकेश गर्ग ने निषादराज की भक्ति को अद्वितीय बताया।
शोभायात्रा ने मोहा सबका मन
लोकार्पण समारोह से पूर्व निषाद चौक से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा मनोहरपुर सहित क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरी, जहाँ स्थानीय निवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन भाजपा युवा नेता मनोज गर्ग ने किया, जबकि निषाद युवा मोर्चा के अध्यक्ष धीरज निषाद ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इनकी रही सक्रिय भागीदारी
आयोजन में कार्यक्रम संयोजक पवन कुमार बंसल, किशन निषाद, रामू निषाद, बहादुर निषाद, रवि निषाद, मुकेश बघेल, बृजेश निषाद, प्रेम सिंह निषाद, कमल निषाद और अंकित बंसल सहित बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

