मथुरा: यमुना षष्‍ठी के अवसर पर श्रीकृष्‍ण जन्मस्थान से निकाली गई भव्‍य कलश शोभायात्रा

Religion/ Spirituality/ Culture

मथुरा। भगवान श्रीकृष्‍ण की जन्मस्थली से परंपरागत श्रीकृष्‍ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के तत्वावधान में यमुना षष्‍ठी के अवसर पर आज बृहस्पतिवार को एक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्‍ण के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो गया। श्री यमुना महारानी के पूजन हेतु निकाली गयी शोभायात्रा के लिए बृहस्पतिवार को सुबह से ही जन्मस्थान परिसर में उत्सव का माहौल रहा। प्रातः लगभग 9 बजे गाजे बाजे के साथ यमुना पूजन हेतु एक भव्य मंगल कलशयात्रा प्रारंभ हुई।

इस भव्य शोभायात्रा में मंगल कलश लिये महिलायें तथा उद्दाम संकीर्तन करते हुये भक्तगणों ने संपूर्ण शोभायात्रा मार्ग को श्रीकृष्‍ण एवं श्रीयमुनाजी के प्रेम में सराबोर कर दिया। विश्राम घाट पर पहुँचने पर बैण्ड बाजों की सुमधुर ध्वनि में भावविभोर होकर भक्तजन श्री यमुनाजी की भक्ति में लीन होकर नृत्य कर उठे।

विश्राम घाट पर तीर्थपुरोहितों द्वारा संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्‍वरनाथ चतुर्वेदी, संयुक्त मुख्य अधिशाषी राजीव श्रीवास्तव, उप मु. अधिशाषी अनुराग पाठक, विशेष कार्याधिकारी विजयबहादुर सिंह, गिर्राज शरण, श्रीकृष्‍ण संकीर्तन मंडल के सभी भक्तजन आदि को पूजन पूर्व संकल्प कराते हुये विधिविधान पूर्वक पूजन कराया। श्रीयमुनाजी के पूजन के मध्य भक्तजनों द्वारा अर्पित की गयी पूजा सामग्री से श्री यमुनाजी का जल और भी सुन्दर दिखने लगा। दूध की धारा एवं पुष्‍पों की वर्षा से यमुनाजल में एक अनूठी व चित्ताकर्षक छटा उत्पन्न हो गयी।

श्री यमुनाजी के पूजन में संस्थान के पदाधिकारी, सभी अधिकारी, कर्मचारियों के साथ साथ श्रीकृष्‍ण संकीर्तन मंडल के सेवाभावी सदस्यगण आदि के अलावा नगर के उत्साहित श्रद्धालुओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

-एजेंसी