आगरा में पुलिस महकमे में हड़कंप: भाजपा पार्षद ने चौकी इंचार्ज पर लगाए गंभीर आरोप, वायरल पत्र से मची हलचल

स्थानीय समाचार

आगरा: थाना शाहगंज क्षेत्र की सराय ख्वाजा चौकी एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। भाजपा पार्षद अजय गोस्वामी द्वारा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार को लिखा गया एक शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चौकी इंचार्ज पर गंभीर भ्रष्टाचार और अवैध कारोबारियों को संरक्षण देने के आरोप लगाए गए हैं।

​वसूली का ‘रेट कार्ड’ वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल इस पत्र में पार्षद ने न केवल अवैध धंधों का ज़िक्र किया है, बल्कि उन लोगों के नाम और वसूली की कथित रकम का भी खुलासा किया है। पत्र के अनुसार:

​हबीब मोटा (जुए का कारोबार): ₹5,000 प्रतिदिन।
​सद्दाम उर्फ बिहारी: ₹20,000 प्रतिमाह।
​राजू (चरस-गांजा): ₹60,000 प्रतिमाह।
​हबीब (गांजा): ₹1,20,000 प्रतिमाह।
​खलील: ₹40,000 प्रतिमाह।

​पार्षद का दावा है कि इन अवैध कारोबारों की जानकारी होने के बावजूद चौकी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे क्षेत्र में नशे और जुए का धंधा फल-फूल रहा है।

​गोपनीय जांच की मांग

भाजपा पार्षद अजय गोस्वामी ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि इस पूरे मामले की गोपनीय जांच कराई जाए। पार्षद का स्पष्ट आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत के बिना क्षेत्र में इतना बड़ा नेटवर्क संचालित होना संभव नहीं है। इस पत्र ने आगरा पुलिस की कार्यशैली पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासनिक स्तर पर चुप्पी

वायरल पत्र के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है। अब देखना यह है कि पुलिस कमिश्नर स्तर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।