आगरा: आगरा के बाह और फतेहाबाद क्षेत्र के रेल यात्रियों का वर्षों लंबा इंतजार अब खत्म हो गया है। फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने ट्रेन संख्या 09196/09195 (मऊ–वडोदरा सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस) को बाह और फतेहाबाद स्टेशनों से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन सेवा न केवल गुजरात और मध्य प्रदेश, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) के लिए भी सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
सांसद का आम आदमी वाला अंदाज:
कार्यक्रम के दौरान सांसद राजकुमार चाहर ने एक मिसाल पेश की। वे बाह स्टेशन से स्वयं जनरल कोच में सवार हुए और फतेहाबाद तक आम यात्रियों के साथ बैठकर यात्रा की। सफर के दौरान उन्होंने यात्रियों से सीधा संवाद किया और रेल सुविधाओं का फीडबैक लिया। फतेहाबाद पहुँचने पर उन्होंने औपचारिक समारोह के साथ ट्रेन को आगे के गंतव्य के लिए रवाना किया।
लोकसभा में उठाई आवाज का दिखा असर:
सांसद ने बताया कि बाह और फतेहाबाद के लोगों की यह मांग लंबे समय से लंबित थी। उन्होंने इस मुद्दे को लोकसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष मजबूती से रखा था। उन्होंने कहा, “क्षेत्र के हर नागरिक को बेहतर रेल सुविधा देना मेरा संकल्प है। यह तो बस शुरुआत है, आने वाले समय में आगरा–टूंडला–इटावा रूट की और भी ट्रेनों को इस मार्ग पर डायवर्ट कराने के प्रयास जारी हैं।”
बटेश्वर और बाह के लिए बड़ी घोषणाएं:
सांसद ने क्षेत्रवासियों को कई नई सौगातें देने की भी घोषणा की बटेश्वर स्टेशन का कायाकल्प किया जाएगा करीब लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से बटेश्वर रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
बाह से दिल्ली तक सीधी इंटरसिटी ट्रेन चलवाने के लिए रेल मंत्रालय से बातचीत अंतिम चरण में है। फतेहाबाद में जल्द ही नया रेलवे आरक्षण काउंटर खोला जाएगा।
प्रशासनिक और राजनीतिक मौजूदगी:
इस अवसर पर आगरा के डीआरएम (DRM) गगन गोयल, डीसीएम बीके चौहान सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, मधूसुदन शर्मा और बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व स्थानीय ग्रामीण इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

