आगरा: पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास की त्रिवेणी बही। मंदिर में आयोजित संगीतमय सुंदरकांड पाठ ने वातावरण को राममय बना दिया। इस विशेष अवसर पर मंदिर को मनमोहक पुष्प सज्जा से सजाया गया था, जहाँ दर्शनार्थियों ने श्याम बाबा के दिव्य फूल बंगले और स्वर्ण श्रृंगार का लाभ उठाकर खुद को धन्य महसूस किया।
पंचमुख हनुमान की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
आयोजन का मुख्य आकर्षण भगवान हनुमान जी का ‘पंचमुख स्वरूप’ था। इस अलौकिक झांकी को अत्यंत भव्यता के साथ सजाया गया था, जिसे देख श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
सुंदरकांड का ओजस्वी और मधुर पाठ समाजसेवी कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’ ने किया। उनके भावपूर्ण वाचन ने उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पाठ के बीच-बीच में उन्होंने श्रीराम और श्याम बाबा के भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा मंदिर परिसर नृत्य और भक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
भक्ति और आराधना का विशेष पर्व
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि सनातन धर्म में पुरुषोत्तम मास का विशेष महत्व है। इस मास में की गई धार्मिक साधना और जप-तप का फल कई गुना अधिक प्राप्त होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर में सुंदरकांड और आराधना के विशेष कार्यक्रम रखे गए, ताकि श्रद्धालु सुख, समृद्धि और विश्व कल्याण की प्रार्थना कर सकें।
महाआरती और प्रसादी
कार्यक्रम का समापन श्याम बाबा और हनुमान जी की भव्य महाआरती के साथ हुआ। आरती के बाद भक्तों में प्रसादी का वितरण किया गया। देर रात तक मंदिर में भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। इस आयोजन को सफल बनाने में हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अनूप गोयल, विकास बंसल और विपिन गोयल सहित अनेक भक्तों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।


