आगरा। शहर के नमक की मंडी क्षेत्र में व्यापारियों में दहशत का माहौल है। मानिक पैलेस स्थित एक ज्वेलरी शॉप के संचालक को फोन पर चौथ (रंगदारी) मांगने और रकम न देने पर जान से खत्म करने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी सुमित कुमार की शिकायत पर थाना कोतवाली पुलिस ने कासगंज निवासी आरोपी फईम अली के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लगातार फोन कर बना रहा था दबाव
पीड़ित सुमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सिढ़पुरा (कासगंज) निवासी फईम अली पिछले कुछ समय से उन्हें अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर रहा है। आरोपी जबरन चौथ की मांग कर रहा है और न देने पर जान से मारने की धमकियां दे रहा है। सुमित का कहना है कि व्यावसायिक कार्यों के चलते उन्हें अक्सर शहर से बाहर यात्रा करनी पड़ती है, जिस कारण इन धमकियों ने उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
पुलिस ने शुरू की सर्विलांस जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी फईम अली के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल (CDR) और लोकेशन खंगाल रही है जिनसे धमकी भरे कॉल किए गए थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
व्यापारी वर्ग में आक्रोश
इस धमकी भरे मामले के सामने आने के बाद नमक की मंडी और आसपास के सराफा व्यापारियों में रोष और चिंता व्याप्त है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि व्यवसायी बिना किसी भय के अपना काम कर सकें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच कर उचित कार्यवाई की जाएगी।


