फतेहपुर हत्याकांड: यूट्यूब से सीखी मर्डर की स्क्रिप्ट, पत्नी ने पति के साथ मिलकर प्रेमी को ग्राइंडर से काटा

Crime

​फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की न केवल बेरहमी से हत्या की, बल्कि सबूत मिटाने के लिए शव को ग्राइंडर मशीन से काटकर जंगल में पेट्रोल डालकर जला दिया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या था पूरा मामला?

बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी विजय निषाद (20) का किरन नाम की महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला का पति कामता निषाद गुजरात में नौकरी करता था। इसी बीच विजय ने किरन की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं, जो उसके पति तक पहुंच गईं। तस्वीरें देखकर कामता वापस गांव लौटा और दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद किरन ने पति के साथ मिलकर विजय को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।

यूट्यूब से सीखी मर्डर की स्क्रिप्ट

​पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने स्वीकार किया कि हत्या, सबूत मिटाने के तरीके और पुलिस से बचने के गुर उन्होंने यूट्यूब और इंटरनेट पर सर्च किए थे। योजना के तहत 8 मई को किरन ने विजय को घर बुलाया, जहाँ पति कामता ने घात लगाकर उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

​कटर मशीन से काटे शव के टुकड़े

​हत्या के बाद जब शव को ठिकाने लगाने में दिक्कत आई, तो आरोपी बाजार से ग्राइंडर (कटर) मशीन खरीदकर लाए और शव के हाथ-पैर काट दिए। इसके बाद अवशेषों को कानपुर के पास एक जंगल में ले जाकर पेट्रोल से आग के हवाले कर दिया। उन्होंने मृतक का मोबाइल, जूते और दस्तावेज भी नष्ट कर दिए।

​सर्विलांस से खुला राज

​विजय के लापता होने पर परिजनों ने 10 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब विजय की कॉल डिटेल (CDR) खंगाली, तो किरन के साथ उसकी लगातार बातचीत का पता चला। पुलिस की पूछताछ में किरन घबरा गई, जिससे शक गहरा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दंपती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बाइक, ग्राइंडर मशीन और लकड़ी का चौखट बरामद कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने इस वारदात में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है, जिसकी जांच की जा रही है।