आगरा/नई दिल्ली, 20 मई। कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के देश भर के शीर्ष पदाधिकारियों और प्रमुख व्यापारिक संगठनों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली के पंचशील भवन में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक का नेतृत्व कैट के राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर के शीर्ष नेताओं ने किया, जिसमें उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के व्यापारिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
व्यापारिक जटिलताओं को दूर करने और सरलीकरण की उठी मांग
बैठक के दौरान कैट के उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं आगरा जिला अध्यक्ष रोहित कत्याल ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष देश और राज्यों के रिटेल व्यापार, मध्यम और सूक्ष्म उद्योगों (MSMEs) से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से रेखांकित किया।
उन्होंने व्यापार को और अधिक गति देने, वर्तमान सरकारी योजनाओं तथा नियमों की प्रशासनिक जटिलताओं को दूर कर उनका सरलीकरण करने की पुरजोर वकालत की। रोहित कत्याल ने केंद्रीय मंत्री से मांग की कि खाद्य प्रसंस्करण और खुदरा बाजार के क्षेत्र में ऐसी नीतियां बनाई जाएं, जिससे बाजार में स्थिरता आए और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों और सुझावों को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि मंत्रालय और सरकार देश के छोटे व मध्यम व्यापारियों के हितों की रक्षा करने तथा व्यापारिक माहौल को सुगम (Ease of Doing Business) बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक में देश भर से आए ये प्रमुख कैट नेता रहे उपस्थित
इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान मुख्य रूप से कैट के राष्ट्रीय सचिव पंकज अरोरा, उत्तर प्रदेश के महामंत्री अखिलेश मिश्रा, अशोक वाजपेई, घनश्याम गर्ग, आगरा जिला अध्यक्ष रोहित कत्याल, सागर केसवानी, बिहार प्रदेश अध्यक्ष अशोक वर्मा, बंगाल प्रदेश अध्यक्ष रोहित खैतान और मध्य प्रदेश के अध्यक्ष संजीव जैन सहित कई अन्य गणमान्य व्यापारी नेता उपस्थित रहे।


