रायबरेली में बरसे राहुल गांधी, बोले- देश में आने वाला है आर्थिक तूफान, मुकेश अंबानी और पीएम मोदी के रिश्तों पर भी साधा निशाना

National

रायबरेली: अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर आए सांसद राहुल गांधी की यात्रा का आज (बुधवार) दूसरा और आखिरी दिन रहा। मंगलवार को उत्तर प्रदेश पहुंचे राहुल गांधी ने आज सुबह सबसे पहले गेस्टहाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनमानस से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। इसके बाद जब राहुल गांधी का काफिला भरतगंज बाजार से होकर गुजर रहा था, तो वहां बड़ी संख्या में लोग हाथों में गुलाब के फूल और गुलदस्ते लेकर उनके स्वागत में खड़े थे। जनता का यह प्यार देखकर राहुल ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया, गाड़ी से नीचे उतरे और लोगों से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद वे सीधे लोधवारी गांव के लिए रवाना हो गए।

​लोधवारी गांव में आयोजित ‘बहुजन स्वाभिमान सभा’ को संबोधित करने पहुंचे राहुल गांधी के तेवर बेहद आक्रामक नजर आए। मंच से बोलते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा लॉबी को सीधे अपने निशाने पर लिया। राहुल ने जनता को आगाह करते हुए कहा, “अब देश में एक बड़ा आर्थिक तूफान आने वाला है और नरेंद्र मोदी व हिंदुस्तान की सरकार आपको इससे नहीं बचा पाएगी। उस वक्त प्रधानमंत्री आपके सामने आएंगे, रोएंगे और कहेंगे कि इसमें मेरी कोई गलती नहीं है।”

​केंद्र सरकार पर हमला जारी रखते हुए राहुल गांधी ने आगे कहा, “मैं आपको आज ही बता रहा हूं, यह पूरी गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है, क्योंकि इन लोगों ने मिलकर देश के संविधान को खत्म कर दिया है।” महंगाई और ईंधन के बढ़ते दामों पर घेरते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा के लोग मीडिया में आकर बड़े-बड़े दावे कर रहे थे कि एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और पेट्रोल के दाम बिल्कुल नहीं बढ़ेंगे। तो फिर चुनाव खत्म होते ही अचानक ये दाम कैसे बढ़ गए?

​राहुल गांधी ने उद्योगपति मुकेश अंबानी और पीएम मोदी के रिश्तों पर सीधा प्रहार करते हुए कहा, “आज जब देश में पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं, तो अंबानी पेट्रोल को हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे हैं। अंबानी रूस से सस्ता पेट्रोल खरीदते हैं और उसे बाहर (विदेशों में) बेचते हैं। फिर उसी मुनाफे के पैसे से वे नरेंद्र मोदी की फंडिंग करते हैं, यही देश की असली सच्चाई है।”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी जैसे कोरोना काल में देश के सामने रोए थे, ठीक वैसे ही अगले एक महीने के भीतर वह फिर आपके सामने रोने वाले हैं। मोदी जी फिर से टीवी पर आएंगे और कहेंगे कि हमसे कुछ नहीं हो पाया।

अमेठी में राहुल के पहुंचने से पहले पोस्टर वॉर शुरू

एक तरफ जहां राहुल गांधी रायबरेली में हुंकार भर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके अगले पड़ाव अमेठी पहुंचने से पहले ही वहां सियासी पारा गरमा गया है। अमेठी में जगह-जगह राहुल गांधी और स्थानीय सांसद किशोरी लाल शर्मा के खिलाफ पोस्टरबाजी का सिलसिला शुरू हो चुका है। इन विवादित पोस्टरों पर लिखा है “किशोरी लाल, दो साल। तुमने क्या किया? ‘एक बस कांग्रेस नेता के स्कूल में। एक एंबुलेंस अपने ट्रस्ट के अस्पताल में।” इन पोस्टरों के सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।