आगरा में भीषण ‘हीट वेव’ का रेड अलर्ट: मंगलवार 19 मई को नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद; DM मनीष बंसल ने जारी किया आदेश

स्थानीय समाचार

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में लगातार बढ़ रहे पारे और आसमान से बरसती आग के बीच प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बेहद बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। ताजनगरी आगरा में कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक संचालित होने वाले सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालय मंगलवार यानी 19 मई को पूरी तरह से बंद रहेंगे।

आगरा के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) चन्द्रशेखर ने सोमवार की रात जिले के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों, वित्तविहीन (प्राइवेट) विद्यालयों तथा सीबीएसई, आईसीएसई व यूपी बोर्ड सहित समस्त बोर्डों से मान्यता प्राप्त सभी माध्यमिक विद्यालयों को अनिवार्य रूप से बंद रखने के कड़े लिखित निर्देश जारी कर दिए हैं।

​मौसम विभाग की गंभीर चेतावनी के बाद जिलाधिकारी मनीष बंसल ने लिया एक्शन

​जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) द्वारा इस संबंध में जारी की गई आधिकारिक विज्ञप्ति में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा आगरा जनपद के लिए जारी की गई ‘हीट वेव’ (लू), अत्यधिक रिकॉर्ड तापमान और प्रतिकूल मौसम की अत्यंत गंभीर चेतावनी के दृष्टिगत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की रक्षा हेतु यह आपातकालीन निर्णय लिया गया है।

आगरा के जिलाधिकारी (DM) मनीष बंसल ने सोमवार को मौसम के बिगड़े मिजाज की समीक्षा करने के उपरांत इस बारे में जिला विद्यालय निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से आदेश जारी करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद यह सरकारी कदम उठाया गया।

आदेश का उल्लंघन करने वाले प्रिंसिपल्स पर होगी सीधी कार्रवाई, उत्तरदायित्व तय

प्रशासन द्वारा जारी किए गए इन कड़े निर्देशों में साफ तौर पर आगाह किया गया है कि जिले का कोई भी विद्यालय इस दायरे से बाहर नहीं होगा। सभी प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को इस सरकारी आदेश का अक्षरशः और कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। यदि मंगलवार को कोई भी विद्यालय खुला पाया जाता है, तो उस स्थिति में संबंधित संस्थान के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के उल्लंघन की दशा में इसका सम्पूर्ण कानूनी व प्रशासनिक उत्तरदायित्व संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य या प्रधानाचार्या का व्यक्तिगत रूप से होगा।

नागरिकों के मोबाइल फोन पर आया ‘गंभीर हीट वेव’ का इमरजेंसी अलर्ट संदेश

​उल्लेखनीय है कि मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार 19 मई को आगरा और आसपास के मैदानी इलाकों में अत्यधिक तापमान और जानलेवा हीट वेव (लू के थपेड़े) चलने की आधिकारिक चेतावनी जारी की है।

इस प्राकृतिक आपदा की गंभीरता को देखते हुए सोमवार की सायं को ही आगरा के सभी नागरिकों के मोबाइल फोनों पर आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से एक विशेष ‘इमरजेंसी अलर्ट’ संदेश भी प्रेषित किया गया।

नागरिकों को भेजे गए इस संदेश में साफ तौर पर सचेत किया गया है कि अगले चौबीस घंटों के भीतर पूरे जनपद में अत्यधिक भीषण ‘हीट वेव’ या ‘गम्भीर हीट वेव’ चलने की पूरी संभावना है, अतः आम जनमानस बेहद जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घरों से बाहर निकलें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखें।