आगरा/लखनऊ: देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित संस्थानों में शुमार आगरा कॉलेज ने एक बार फिर अपनी शैक्षिक उत्कृष्टता का लोहा मनवाया है। लखनऊ के लोक भवन में आयोजित विश्वविद्यालयों और संबद्ध कॉलेजों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आगरा कॉलेज की उपलब्धियों की गूंज सुनाई दी। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीके गौतम को समूचे जनपद के कॉलेजों का प्रतिनिधित्व करने का विशेष अवसर प्राप्त हुआ।
20 मिनट की प्रस्तुति और तालियों की गड़गड़ाहट
प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ने अपनी 20 मिनट की बहुआयामी पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से आगरा कॉलेज के 1823 से अब तक के गौरवशाली सफर को जीवंत कर दिया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में कॉलेज के राजनीतिक-सामाजिक योगदान, आधुनिक नवाचारों और पुनरुद्धार की परियोजनाओं को इतने प्रभावी ढंग से रखा कि राज्यपाल और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय प्रशंसा करने से खुद को रोक नहीं पाए।
नैक A++ ग्रेड की ओर बढ़ते कदम
प्रस्तुति के दौरान महाविद्यालय को नैक (NAAC) मूल्यांकन में A++ ग्रेड दिलाने के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा हुई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कॉलेज के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान जल्द ही सर्वोच्च ग्रेड हासिल कर शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा। इस अवसर पर प्राचार्य ने कॉलेज की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘वाणी’ के द्विशताब्दी विशेषांक की प्रतियां राज्यपाल और मंत्री को भेंट कीं, जिसकी गुणवत्ता की विशेष रूप से सराहना की गई।
सामूहिक प्रयास का परिणाम
राजभवन में मिले इस सम्मान पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ने इसका श्रेय पूरे कॉलेज परिवार, शिक्षकों और कर्मचारियों की निष्ठा को दिया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल और सरकार द्वारा व्यक्त किया गया यह भरोसा हमारे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है। अब हमारा लक्ष्य और अधिक एकजुटता के साथ आगरा कॉलेज को देश के शीर्ष शिक्षण संस्थानों की पंक्ति में सबसे आगे खड़ा करना है।

