आगरा: संविधान शिल्पी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में ताजनगरी एक बार फिर ‘नीले रंग’ में रंगने को तैयार है। आगरा के ऐतिहासिक जीआईसी (GIC) ग्राउंड में आयोजित होने वाली 31वीं भीमनगरी के भव्य उद्घाटन के लिए भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और भीमनगरी आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर पहुंचकर औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
तीन दिवसीय उत्सव: सेवा, संस्कार और सम्मान का संगम
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक चलने वाला यह तीन दिवसीय समागम सामाजिक समरसता और जनजागरण का केंद्र बनेगा।
15 अप्रैल को भीमनगरी का भव्य उद्घाटन समारोह, जिसमें मुख्य आकर्षण कारीगरों द्वारा तैयार किया जा रहा विशाल ‘भीमनगरी महल’ होगा।
16 अप्रैल को कुरीतियों के खिलाफ संदेश देते हुए ‘दहेज रहित सामूहिक विवाह’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दर्जनों जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।
17 अप्रैल को समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और युवाओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
भव्य महल ले रहा है आकार
भाजपा महानगर उपाध्यक्ष राहुल सागर ने बताया कि इस वर्ष भीमनगरी का स्वरूप पहले से कहीं अधिक भव्य और आकर्षक होगा। जीआईसी ग्राउंड में भीमनगरी का ‘महल’ दिन-रात कारीगरों द्वारा तैयार किया जा रहा है, जो अब अपने विशाल स्वरूप में नजर आने लगा है। सजावट और लाइटिंग के जरिए बाबा साहेब के विचारों और संघर्षों को प्रदर्शित करने की तैयारी है।
रक्षामंत्री से विशेष आग्रह
प्रतिनिधिमंडल ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को भीमनगरी के ऐतिहासिक महत्व और आगरा की इस गौरवशाली परंपरा से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में संयोजक राहुल सागर, अध्यक्ष सुभाष सागर, सचिव वीर प्रकाश बंटी और कोषाध्यक्ष संजय सिंह शामिल रहे। रक्षामंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

