Agra News: मलपुरा पुलिस की बड़ी कार्यवाई, नवनिर्मित कॉलोनी में चल रहा था सट्टे का खेल, रंगे हाथों दबोचे गए चार सट्टेबाज

Crime

आगरा: ताजनगरी में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ थाना मलपुरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने जखोदा पुल के पीछे स्थित नवनिर्मित कृष्णा वैली कॉलोनी के एक मकान में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने सट्टे का हिसाब-किताब करते हुए चार आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया। मौके से मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और सट्टे की पर्चियों समेत भारी नकदी बरामद की गई है।

​मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल

​थाना मलपुरा पुलिस को सूचना मिली थी कि कृष्णा वैली कॉलोनी के एक सुनसान मकान में लंबे समय से सट्टे का काला कारोबार फल-फूल रहा है। सूचना को पुख्ता करते हुए पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। जैसे ही पुलिस मकान के भीतर दाखिल हुई, वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से पंकज चौहान, देवराज, अन्नू और ओमवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

​बरामदगी और नेटवर्क की जांच

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से सट्टेबाजी के डिजिटल और लिखित साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने 7 स्मार्टफोन जिनका उपयोग सट्टे की बुकिंग के लिए किया जा रहा था। 1 कैलकुलेटर हिसाब-किताब रखने के लिए औऱ सट्टे की पर्चियां जिन पर अंकों और रुपयों का खेल लिखा था। 17,000 रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है।

​डिजिटल साक्ष्यों से खुलेगा बड़ा राज

​प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह गिरोह मोबाइल फोन के माध्यम से एक बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल (CDR) और व्हाट्सएप चैट खंगाल रही है, ताकि इस धंधे के पीछे छिपे ‘सफेदपोश’ आकाओं और अन्य साथियों तक पहुँचा जा सके।

​पुलिस की सख्त चेतावनी

​थाना मलपुरा पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नवनिर्मित कॉलोनियों और बाहरी इलाकों में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।