हरिद्वार के लाल का मुंबई में कमाल: आशु सहगल का नया गाना ‘अरे झुमका बाली रे’ जल्द होगा रिलीज

Entertainment

मुंबई: हरिद्वार की पावन धरती से निकली एक सुरीली आवाज अब बॉलीवुड के गलियारों में अपनी चमक बिखेरने को तैयार है। युवा और प्रतिभाशाली गायक आशु सहगल ने अपने नए गीत “अरे झुमका बाली रे” के साथ संगीत की दुनिया में एक दमदार दस्तक दी है। इस गीत को मशहूर संगीतकार एस पी सेन ने न केवल अपने संगीत से सजाया है, बल्कि इसके खूबसूरत बोल भी खुद ही लिखे हैं।

​मुंबई के प्रतिष्ठित प्रिया सारेगा स्टूडियो में रिकॉर्ड हुआ यह गाना जल्द ही ‘मून मूवीज़’ के यूट्यूब चैनल पर रिलीज होगा। इस प्रोजेक्ट को निर्माता सोमपाल सहगल ने बड़े ही खास अंदाज़ में तैयार करवाया है।

​मूल रूप से हरिद्वार के गांव भारापूर भौंरी के रहने वाले आशु सहगल वर्तमान में बीए सेकंड ईयर की पढ़ाई के साथ-साथ संगीत की बारीकियां सीख रहे हैं। मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और अरिजीत सिंह जैसे दिग्गजों को अपना आदर्श मानने वाले आशु इससे पहले फिल्म ‘मन से मन तक’ के टाइटल ट्रैक में भी अपनी आवाज का जादू बिखेर चुके हैं।

​आशु की प्रतिभा से प्रभावित होकर संगीतकार एस पी सेन ने उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “आशु की आवाज में एक अलग ही सच्चाई और रूहानियत है। यही वजह है कि मैं उन्हें अपनी अगली फिल्म में भी मौका देने जा रहा हूँ।” अपनी इस सफलता का श्रेय आशु ने अपने पिता और गुरुओं को दिया है। देवभूमि से शुरू हुआ यह सफर अब बॉलीवुड के बड़े मंचों की ओर मजबूती से बढ़ रहा है।