‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून 2026 को देगी हंसी का महाडोज़, 30 से ज्यादा सितारों के साथ लौटेगी सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग)। भारत की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी एक बार फिर दर्शकों को ठहाकों में डुबोने के लिए तैयार है। अपनी आइकॉनिक धुन और यादगार किरदारों के लिए पहचानी जाने वाली यह सीरीज़ अब अपने नए अध्याय वेलकम टू द जंगल के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। फिल्म की रिलीज़ डेट 26 जून 2026 तय की गई है।

बेतहाशा हंसी, पागलपन से भरे हालात और नॉन-स्टॉप एंटरटेनमेंट का वादा करती यह फिल्म दर्शकों को एक ऐसे कॉमिक सफर पर ले जाएगी, जहां अजीब परिस्थितियां, तेज़ पंचलाइन, जबरदस्त एक्शन और धमाकेदार म्यूज़िक एक साथ नजर आएंगे।

फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है। खास बात यह है कि ‘वेलकम टू द जंगल’ अपने आप में एक रिकॉर्ड मानी जा रही है, क्योंकि इसमें 30 से ज्यादा कलाकारों की विशाल स्टारकास्ट नजर आएगी, जो इसे एक मेगा एंटरटेनर का रूप देती है।

दमदार स्टारकास्ट

फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, परेश रावल, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, आफ़ताब शिवदासानी, लारा दत्ता, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, दलर मेहंदी, फ़रीदा जलाल, कृष्णा अभिषेक, किकू शारदा, उर्वशी रौतेला सहित कई चर्चित चेहरे शामिल हैं।

प्रोडक्शन और प्रस्तुति

फिल्म को ए. ए. नाडियाडवाला और स्टार स्टूडियो प्रस्तुत कर रहे हैं। यह केप ऑफ गुड फिल्म्स और सीता फिल्म्स के सहयोग से बेस इंडस्ट्रीज़ ग्रुप और सीता फिल्म्स का प्रोडक्शन है।

कुल मिलाकर ‘वेलकम टू द जंगल’ एक ऐसी मेगा कॉमेडी बनने जा रही है, जो 26 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होकर दर्शकों को हंसी का फुल पैक देने का दावा करती है।