ब्राजील: पूल गेम में हार का मजाक उड़ाने पर फायरिंग, 7 लोगों की मौत

INTERNATIONAL

घटना की वजह यह बताई गई है कि दोनों आरोपी पूल गेम में हार गए थे। हारने के बाद हॉल में मौजूद बाकी लोग उन पर हंसने लगे। आरोपियों को ये बर्दाश्त नहीं हुआ और गुस्से में दोनों ने फायरिंग कर दी। अब पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि गेम के बाद सभी लोग हॉल में बैठे हैं। तभी एक शख्स बंदूक लेकर वहां आता है और सभी लोगों को हाथ ऊपर करने के लिए कहता है। वो सभी को दीवार की तरफ चेहरा करके एक लाइन से खड़े होने के लिए कहता है।

दूसरा शख्स गाड़ी में से एक शॉटगन लेकर आता है। दोनों गोलियां चलाने लगते हैं। 7 लोगों की मौत हो जाती है। इन्हें जमीन पर गिरे देखा जा सकता है। कुछ लोगों को जान बचाकर भागते हुए भी देखा जा सकता है।

21 फरवरी की घटना, वीडियो अब सामने आया

ये घटना 21 फरवरी की बताई जा रही है। न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक घटना माटो ग्रोसो स्टेट की सिनोप सिटी में हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया- यहां पूल गेम खेलने के दौरान गोलीबारी हुई। आरोपी एडगर रिकार्डो डी ओलिवेरा और एजेकियास सूजा रिबेरो गेम हार गए थे। इसके बाद यहां मौजूद सभी लोग उन पर हंसने लगे।
एडगर और एजेकियास को ये बर्दाश्त नहीं हुआ और दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद दोनों हमलावर वहां से फरार हो गए।

Compiled: up18 News