आगरा। महान समाज सुधारक और क्रांतिद्रष्टा महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के पावन अवसर पर ताजनगरी में शिक्षा की अलख जगाने वाले ‘राष्ट्र निर्माताओं’ का भव्य अभिनंदन किया गया। कुशवाह युवा मंच के तत्वावधान में पश्चिमपुरी स्थित ‘होटल वन्या पैलेस’ में आयोजित ‘ज्योतिबा फुले शिक्षक गौरव सम्मान’ समारोह में 150 से अधिक शिक्षकों और शिक्षाविदों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित कर समाज को सशक्त संदेश दिया गया।
समारोह का गरिमामयी शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सीमा शाक्य और विशिष्ट अतिथियों उदल सिंह कुशवाह, गिर्राज सिंह कुशवाह, गंगाधर कुशवाह एवं राजकुमार कुशवाह द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की रीढ़ बताते हुए शिक्षकों की भूमिका को सर्वोपरि करार दिया।
मंच के अध्यक्ष विपिन कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना महज एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का हमारा सामाजिक दायित्व है। उन्होंने जोर दिया कि एक मजबूत समाज की नींव केवल समर्पित गुरुजनों के मार्गदर्शन में ही रखी जा सकती है।
मंच के महासचिव मुकेश कुशवाह ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में शिक्षा जगत से जुड़े विशिष्टजनों के योगदान को पहचान देना और उन्हें प्रोत्साहित करना समय की मांग है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रबंधकों, प्रोफेसरों और प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक जुड़े लगभग 150 प्रबुद्धजनों को स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र भेंट किए गए। इस दौरान पूरा प्रेक्षागृह ‘महात्मा ज्योतिबा फुले अमर रहें’ के उद्घोष और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना से ओतप्रोत नजर आया। उपस्थित जनसमूह ने अंत में ज्योतिबा फुले के दिखाए मार्ग पर चलने और समाज के हर वर्ग तक शिक्षा पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. धर्मेंद्र कुशवाह ने किया, जबकि संयोजक डॉ. राकेश कुशवाह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अनिता कुशवाह, शेर सिंह, राघवेन्द्र, मनीष, कृपाल और केपी कुशवाह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और मंच के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

