आगरा। भारतीय जनता पार्टी के ‘गांव व बस्ती चलो’ अभियान के तहत ताजनगरी के दयालबाग और जागेश्वर नगर क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी और जनसंवाद का माहौल देखने को मिला। क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने विभिन्न कॉलोनियों में आयोजित चौपालों के जरिए सीधे जनता से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जहाँ योगी सरकार की विकासवादी नीतियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया, वहीं विपक्षी दलों की नीतियों पर भी कड़ा प्रहार किया।
विधायक खंडेलवाल ने चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा, सुशासन और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि आज सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है, जिससे आम जनमानस के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
विपक्ष, विशेषकर सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये दल हमेशा से ‘संविधान विरोधी’ मानसिकता के पोषक रहे हैं। वर्ष 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए विधायक ने आरोप लगाया कि इन दलों ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि सत्ता के अहंकार में लोकतंत्र के चारों स्तंभों कार्यपालिका, न्यायपालिका, विधायिका और प्रेस को कमजोर करने का पाप इन्हीं दलों ने किया है और जनता अब इन्हें कड़ा जवाब देने के लिए तैयार है।
इस जनसंपर्क अभियान के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों का पत्रक भी बांटा। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष योगेश दिवाकर, महानगर मंत्री अनिल सारवत, पार्षद भरत शर्मा व प्रेमदास चौधरी सहित रामचरण शर्मा, राजेश रावत, हिमांशु गौतम, अमित बघेल, और महिला मोर्चा की भावना मिश्रा जैसे प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। चौपालों में उमड़ी भीड़ ने आगामी चुनावों से पहले क्षेत्र में भाजपा के प्रति मजबूत जनसमर्थन का संकेत दिया।


