लखनऊ के राजाजीपुरम में बाइक सवार सिक्योरिटी गार्ड ने राइफल से गोली मारकर की स्ट्रीट डॉग की हत्या, मुकदमा दर्ज

Crime

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम इलाके से एक बेहद क्रूर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सी-ब्लॉक स्थित ग्रीनफील्ड स्कूल के पास एक बाइक सवार ने सड़क पर घूम रहे एक बेजुबान स्ट्रीट डॉग को अपनी राइफल से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और पशु प्रेमियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह खौफनाक घटना मंगलवार सुबह करीब की है। जब बाइक पर सवार एक व्यक्ति ने सरेआम सड़क पर टहल रहे बेजुबान डॉग को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो चुका था। गनीमत यह रही कि गोली की आवाज से वहां हड़कंप मच गया, वरना यह लापरवाही आसपास के राहगीरों के लिए भी घातक साबित हो सकती थी। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है।

​एनजीओ की पहल पर दर्ज हुई शिकायत

इस अमानवीय घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने तुरंत इसकी सूचना एनिमल वेलफेयर से जुड़े एनजीओ को दी। इसके बाद ‘आसरा द हेल्पिंग हैंडस ट्रस्ट’ की कार्यकर्ता चारू खरे और अन्नू बोस तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने तालकटोरा थाने पहुंचकर इस मामले में लिखित तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

​पुलिस की जांच और आरोपी की पहचान

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि डॉग को गोली मारने वाला यह व्यक्ति संभवतः इलाके का ही कोई सिक्योरिटी गार्ड है। तालकटोरा थाने के इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसकी राइफल का लाइसेंस निरस्त करने की कानूनी प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर बेजुबानों की सुरक्षा और हथियारों के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।