आगरा: रिश्ते हुए तार-तार, कलयुगी बाप ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ किया दुष्कर्म

Crime

आगरा: अपनों से भी आधी आबादी सुरक्षित नहीं है। जिसकी उंगली पकड़ कर चलना सीखा उसी ने उसे अपनी हवस का शिकार बना लिया। पीड़ित नाबालिग ने अपनी माँ के साथ थाने पहुँच कर पिता की करतूत बताई और फिर मुकदमा दर्ज कराया। नाबालिग की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला शमसाबाद का है। थाना क्षेत्र इलाके के एक गांव में 15 साल की किशोरी ने अपने ही पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। रविवार को मां के साथ किशोरी थाने पहुंची। उसने पिता की करतूत पुलिस को बताई और फिर पिता के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात वह सो रही थी, तभी पिता ने पहले छेड़खानी की। इसके बाद दुष्कर्म किया। उसने किसी से कुछ नहीं बताने की हिदायत भी दी। सुबह पीड़िता ने मां को घटना की जानकारी दी। यह सुनते ही मां के होश उड़ गए। मां बेटी को लेकर थाने पहुंची। जहां किशोरी ने रो-रोकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया।

थानाध्यक्ष शमसाबाद राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एक किशोरी ने अपने ही पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता का मेडिकल कराकर आरोपी पिता के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। किशोरी कक्षा 7वीं की छात्रा है।