मॉनसून सीजन के कुछ ऐसे सुपर फूड्स जिन्हें खाकर इम्यून सिस्टम को किया जा सकता है मजबूत

Health

मॉनसून सीजन में जुकाम और फ्लू जैसी समस्याएं आम हैं। लोग बारिश का मजा लेना चाहते हैं, लेकिन चाहते हुए भी तबियत खराब होने के डर से इसका मजा नहीं ले पाते। वह जल्द ही बीमार पड़ जाते हैं। अगर आप भी इस मौसम का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो जरूरी है कि पहले आप अपने इम्यून सिस्टम को मजबूत करें। अगर आपका इम्यून सिस्टम ठीक होगा, तो आप सभी सीजन का दिल खोलकर मजा ले सकेंगे। आज हम आपको कुछ ऐसे सुपर फूड्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें खाकर इम्यून सिस्टम को मजबूत किया जा सकता है।

फंगस और बैक्टीरिया से लड़ती है शकरकंदी

शकरकंदी इम्यूनिटी को बढ़ाने में सबसे अच्छी मानी जाती है। यह हमें दूसरी सभी सब्जियों के मुकाबले सबसे ज्यादा बीटा कैरोटीन उपलब्ध करवाता है। यहां तक कि यह गाजर से भी ज्यादा बीटा कैरोटीन देती है। इसमें विटामिन ए भी होता है, जो शरीर में व्हाइट सेल्स बनाते हैं। यह सेल्स बैक्टीरिया और फंगस से लड़ते हुए जुकाम-फ्लू जैसी बीमारियों से बचाते हैं।

लहसुन भी है असरदार

डॉक्टरों के अनुसार इस सीजन में इम्यून सिस्टम को मजबूत करने के लिए लहसुन काफी असरदार होता है। इसमें सल्फर और इससे संबंधित कई एलिमेंट्स होते हैं, जो जुकाम और फ्लू फैलाने वाले वायरस से लड़ते हैं। हालांकि इसे एक निश्चित मात्रा में और सही तरीके से खाने पर ही यह हमारी इम्यूनिटी को बढ़ाता है।

शिमला मिर्च

यूं तो शिमला मिर्च अक्सर आप चाइनीज डिशेज या फिर जंक फूड में खाते हैं लेकिन क्या आपको पता है यह आपकी शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता को बढ़ाती है। इसमें अधिक मात्रा में विटामिन सी मौजूद रहता है। इसके साथ ही फलों की तुलना में इसमें बीटा कैरोटीन भी होता है। विटामिन सी भी इंफेक्शन से लड़ने में काफी असरदार होता है।

हल्दी

कई बार देखा होगा कि चोट लगने पर अक्सर हल्दी वाला दूध पिलाया जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि एक तो यह घाव को जल्दी भरता है, दूसरे यह इम्यूनिटी को मजबूत करता है। इसमें एंटी इन्फ़्लेमेटरी, एंटी फंगल और एंटी बैक्‍टीरियल तत्व होते हैं, जो हर तरह के इन्‍फेक्शन और बैक्टीरिया से लड़ने में सक्षम हैं। इसके साथ ही यह मॉनसून में होने वाली की बीमारियों से बचाते हैं।

जिंक

जिंक को इम्यून सिस्टम के लिए सबसे जरूरी माना जाता है। जिंक से बॉडी में मौजूद टी-सेल्स एक्टिवेट होते हैं, जो पूरे तरीके से इम्यून सिस्टम को ठीक बनाए रखने के लिए बेहद आवश्यक होते हैं। यही कारण है कि जिन लोगों में जिंक की कमी होती है, वह कई तरह की बीमारियों से ग्रस्त रहते हैं। कद्दू के बीज, कोको पाउडर, दही और मशरूम जैसी चीजों के सेवन से शरीर में जिंक की मात्रा को बढ़ाया जा सकता है।

प्रॉबायोटिक्स

डॉक्टर्स मानते हैं कि प्रॉबायोटिक्स बॉडी के इम्यून सिस्टम को बनाए रखने के लिए सभी जरूरी चीजों में से एक है। कई बार चोट लगने पर सूजन आ जाती है। ऐसी स्थिति में फ्लू या क्रोनिक इन्‍फेक्शन होने का भी खतरा रहता है। इस दौरान प्रॉबायोटिक्स हमारी बॉडी को सपोर्ट करता है और इन्‍फेक्शन से लड़ता है। दही, चुकंदर जैसी चीजें खाने से बॉडी में प्रॉबायोटिक्स की मात्रा बढ़ती है।

-एजेंसी