आगरा: प्रतीकात्मक रूप से निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, भावविभोर हो गए भक्त

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा: सोमवार सुबह कमलानगर के रश्मि नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से प्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन किया गया। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के विग्रह स्वरूपों को रथ में विराजमान किया गया। सफेद रंग के फूलों से उनका श्रृंगार किया गया जिसके बाद आरती हुई और फिर मंदिर परिसर से रथयात्रा शुरू हुई जो पूरी कालोनी में निकाली गई। चार पहिया वाहन पर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के स्वरूप विराजमान किये गए जिनके दर्शन करके भक्त भावविभोर हो गए और उनकी भक्ति में नाचने झूमने लगे।

भगवान जगन्नाथ बहन सुभद्रा और बलभद्र के साथ जैसे ही रथ में सवार हुए, उनके रथ को खींचने के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े और रथ खींचते हुए श्रद्धालुओं ने इसे अपना सौभाग्य माना। श्रीहरि के दर्शन कर श्रद्धालु भक्तिविभोर होकर नृत्य करते रहे। कोरोना वायरस के चलते जारी सरकारी गाइडलाइन के चलते केवल प्रतीकात्मक आयोजन ही शहर में हाे सके।

बीमारी के कारण 15 दिन तक विश्राम करने के बाद स्वस्थ हुए भगवान जगन्नाथ ने रविवार को नयन उत्सव में श्रद्धालुओं को दर्शन दिए थे। मंदिर के अध्यक्ष अरविंद स्वरूप दास ने बताया कि कोरोना के चलते प्रतीकात्मक रथयात्रा का आयोजन किया गया है। इसमें मंदिर परिसर के श्रद्धालुओं ने ही भाग लिया है।

श्रीहरि को श्रीफल समर्पित किया

मंजीरे, मृदंग और झांझ के भक्तिमय संगीत पर संकीर्तन करते हुए आज श्रीजगन्नाथ जी की रथयात्रा का आयोजन किया गया। बल्केश्वर महादेव मंदिर से श्रीहरि को श्रीफल समर्पित कर भक्तों ने कोविड प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करते हुए सांकेतिक रूप से रथयात्रा निकाली। जिसका समापन बल्केश्वर व कमला नगर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए रश्मि नगर स्थित श्रीजन्नाथ मंदिर पर हुआ। रथयात्रा में विराजमान श्रीहरि संग बहन सुभद्रा व भाई बलराम के विग्रह स्वरूपों (छोटे स्वरूपों) का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।

भक्ति भाव का बहा सैलाब

कोविड के कारण प्रतिवर्ष की तरह बेशक हजारों श्रद्धालु नहीं थे इस बार की रथयात्रा में। लेकिन श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति-भाव का वही सैलाब था। जिस क्षेत्र से श्रीजगन्नाथ जी की रथयात्रा गुजरी, दर्शन को भक्तजन अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर शामिल हुए और शीश नवा कर कोविड के नियमों का पालन करते हुए लग हो गए। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के पहुंचने पर मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने शंखनाद कर श्रीहरि की आरती कर विग्रह स्वरूपों को मंदिर में विराजमान किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से शैलेन्द्र अग्रवाल, राहुल बंसल, विमल नयन फतेहपुरिया, अखिल बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, अमित बंसल, विकास बंसल, आशू मित्तल, हर्ष खटाना, राजीव मल्होत्रा, अनिल चंद्र अग्रवाल, अनिल गुप्ता, गोपाल नारायण, ललित, माधव प्रभु, राजीव गुप्ता, रमेश यादव आदि उपस्थित थे।

परम्परागत भोग खिचड़ी का हुआ भंडारा

श्रीजगन्नाथ जी के प्रिय व्यंजनों में से एक खिचड़ी का भोग लगाया गया। रथयात्रा के कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचने पर सभी भक्तों को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर में फूल बंगला का आयोजन किया गया।