आगरा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत ताजनगरी में युवाओं के भविष्य को संवारने का एक बड़ा प्रयास देखने को मिला। आगरा-दिल्ली हाईवे स्थित डॉ. एम.पी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहयोग से एक भव्य ‘रोजगार मेला-2026’ का आयोजन किया गया। इस मेले में देश भर की नामी कंपनियों ने शिरकत की और हजारों की संख्या में पहुंचे युवाओं को रोजगार के नए द्वार उपलब्ध कराए। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
मेले का विधिवत शुभारंभ केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, संस्थान के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक चंद्रचूड़ दुबे ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने कहा कि ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ आज युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कॉर्पोरेट जगत और प्रतिभाशाली युवाओं के बीच सेतु का काम कर रहे ये रोजगार मेले मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कौशल विकास और रोजगार के प्रति पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने इस मेगा इवेंट के सफल आयोजन के लिए डॉ. एम.पी.एस. ग्रुप की व्यवस्थाओं की सराहना की।
30 से अधिक दिग्गज कंपनियों का जमावड़ा
रोजगार मेले में बैंकिंग, आईटी, फाइनेंस, इंश्योरेंस और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की 30 से अधिक अग्रणी कंपनियों ने भाग लिया। इनमें एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, टेलीपरफॉर्मेंस, टीमलीज डिजिटल और स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के कौशल और योग्यता का परीक्षण किया।
1500 युवाओं ने दर्ज कराई उपस्थिति
मेले में युवाओं का जबरदस्त उत्साह दिखा और करीब 1500 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। ‘रोजगार संगम पोर्टल’ के माध्यम से पहले से आवेदन कर चुके युवाओं को प्राथमिकता दी गई, वहीं मौके पर पहुंचे युवाओं के लिए भी त्वरित पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध थी। चयन प्रक्रिया के बाद अभ्यर्थियों को 15,000 रुपये से लेकर 37,000 रुपये प्रति माह तक के पैकेज पर शॉर्टलिस्ट किया गया। शाम होते-होते कई चयनित युवाओं को मंच से नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिससे पूरे कैंपस में जश्न का माहौल रहा।
संस्थान के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने कहा कि डॉ. एम.पी.एस. ग्रुप सदैव अपने छात्रों और युवाओं के सुनहरे भविष्य के लिए प्रयासरत है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक चंद्रचूड़ दुबे ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस आयोजन में डॉ. विक्रांत शास्त्री, डॉ. ए.के. गोयल, राखी जैन सहित अनेक शिक्षाविद और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


