​योग दिवस 2026: माथुर वैश्य महासभा का देशव्यापी अभियान, 175 शाखाओं में गूंजेगा ‘योग’

विविध

आगरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा ने एक राष्ट्रव्यापी स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का शंखनाद किया है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता (मामा) की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 जून को देशभर में फैले महासभा के 11 मंडलों और 175 शाखाओं में योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

​योग: स्वस्थ समाज का आधार

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता (मामा) ने योग को केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक समाज निर्माण की धुरी बताया। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करना अनिवार्य है। इस अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को योग के लाभों से जोड़ना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

आगरा में मुख्य आयोजन: पचकुइयां महासभा भवन

महासभा के आगरा स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्य योग शिविर की रूपरेखा तय की गई। आगरा का मुख्य शिविर 21 जून को प्रातः 7:00 बजे से 8:00 बजे तक पचकुइयां स्थित माथुर वैश्य महासभा भवन में आयोजित होगा। कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश कुमार गुप्ता (पालू) ने बताया कि इसमें आगरा की सभी 22 शाखाओं के पदाधिकारी, महिला मंडल और सेवादल के सदस्य सामूहिक रूप से योगाभ्यास करेंगे।

संगठन की तैयारियों को मिली गति

महासभा के प्रशासनिक मंत्री वीरेंद्र गुप्ता (ट्रांसपोर्टर) ने जानकारी दी कि सभी मंडलों में योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति और आयोजन स्थलों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान न केवल स्वास्थ्य जागरूकता फैलाएगा, बल्कि संगठन की एकजुटता और सामाजिक सहभागिता को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।

प्रमुख पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

बैठक में महासभा के शीर्ष नेतृत्व और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। इनमें
​पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश गुप्ता (कांट्रेक्टर), अतिथि गृह मंत्री मनोज कुमार गुप्ता, भवन मंत्री संजय गुप्ता, अनुशासन समिति अध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता (सर्राफ), निर्वाचन मंडल अध्यक्ष सुधीर गुप्ता, ​आगरा मंडलाध्यक्ष विमल कुमार गुप्ता (सर्राफ), ​मंडल मंत्री सत्य प्रकाश गुप्ता, महासभा प्रवक्ता विनय गुप्ता, ​मुकेश कुमार गुप्ता (एलआईसी) सहित कई अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।

महासभा ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में भाग लें और योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।